अयोध्या में श्रीराम रक्षा यंत्र की स्थापना पर महंत सीताराम दास को मिला निमंत्रण, बताया गौरव का क्षण

अयोध्या, 16 मार्च (आईएएनएस)। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से महंत सीताराम दास महाराज को अयोध्या में आयोजित श्रीराम यंत्र स्थापना समारोह में शामिल होने के लिए निमंत्रण भेजा गया है।

महंत सीताराम दास ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में कहा कि ट्रस्ट की ओर से 19 मार्च प्रतिपदा के दिन देश की राष्ट्रपति दौपदी मुर्मु का अयोध्या आगमन प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि श्रीराम रक्षा यंत्र की स्थापना के कार्यक्रम में उन्हें ट्रस्ट की ओर से आमंत्रित किया गया है, जो उनके लिए गौरव का विषय है।

उन्होंने बताया कि पावन चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस पर भगवान श्रीराम के मंदिर में राम रक्षा यंत्र की स्थापना की जाएगी। उनके अनुसार यह यंत्र संपूर्ण जनमानस की रक्षा और कल्याण के उद्देश्य से स्थापित किया जा रहा है।

महंत सीताराम दास ने कहा कि वर्तमान समय में जब विश्व के कई हिस्सों में युद्ध जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं, तब भारत में भाईचारा, सद्भाव और शांति कायम रहे। इसी भावना के साथ इस रक्षा यंत्र की स्थापना की जा रही है। उनका कहना है कि इस धार्मिक अनुष्ठान से पूरे विश्व में अमन, चैन और शांति का संदेश जाएगा।

बता दें कि राम नगरी अयोध्या में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के 19 मार्च के प्रस्तावित दौरे को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर तैयारियां जोरों पर हैं। प्रशासन, संस्कृति विभाग और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पूरे शहर को भव्य और सांस्कृतिक स्वरूप में सजाया जा रहा है, ताकि राष्ट्रपति का पारंपरिक और गरिमामय स्वागत किया जा सके।

सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि संस्कृति विभाग के प्रयास से एयरपोर्ट से राम मंदिर गेट तक भव्य स्वागत का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर की सड़कों पर करीब 20 सांस्कृतिक मंच सजाए जाएंगे, जहां लगभग ढाई सौ कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

–आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

(This content is sourced from a syndicated feed and is published as received. Punjab Kesari assumes no responsibility or liability for its accuracy, completeness, or content.)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।