
Top Gangsters of Delhi: दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ महीनों में जबरन वसूली, व्यापारियों को धमकाने, गोलीबारी और हत्या की वारदातों में शामिल 11 गिरोह की पहचान कर उनकी सूची बनाई है। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
Highlights:
दिल्ली पुलिस मुख्यालय में बुधवार को आयोजित अंतरराज्यीय बैठक में बल के प्रमुख संजय अरोड़ा ने गिरोहों से बढ़ते खतरे का मुद्दा उठाया। बैठक में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान के अधिकारी भी शामिल हुए। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) और अन्य कठोर स्थानीय कानूनों को लागू करके गिरोहों पर नियंत्रण करें। मकोका दिल्ली में भी लागू है।
संजय अरोड़ा ने अधिकारियों को इन कुख्यात अपराधियों से जुड़े नाबालिगों पर निगरानी रखने और उनकी गतिविधियों के बारे में अधिक जानकारी के लिए सोशल मीडिया पर नजर रखने को भी कहा है। जबरन वसूली और गोलीबारी की बढ़ती घटनाओं में शामिल 11 गिरोह की सूची निम्नलिखित है।
1). लॉरेंस बिश्नोई-गोल्डी बराड़ गिरोह: जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और कनाडा निवासी गोल्डी बरार के सदस्य वांछित अपराधियों की सूची में सबसे पहले स्थान पर हैं। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की 2022 में हत्या किए जाने के यह गिरोह सामने आया। यह गिरोह बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान को धमकी देने के लिए भी कुख्यात है।
2). हिमांशु गिरोह: हिमांशु भाऊ केवल 22 साल की उम्र में अपराध जगत का जाना-पहचाना नाम है। वह यूरोप से अपना गिरोह चलाता है और यह संदेह है कि वह स्पेन या पुर्तगाल में रह रहा है। हरियाणा के रोहतक के मूल निवासी भाऊ पर दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में हत्या, हत्या का प्रयास, जबरन वसूली के लिए धमकाने समेत 50 से अधिक मामले दर्ज हैं।
3). कपिल सांगवान उर्फ नंदू गिरोह: कपिल सांगवान उर्फ नंदू (32) हरियाणा और दिल्ली पुलिस का वांछित कुख्यात अपराधी है। वह इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की हरियाणा इकाई के प्रमुख नफे सिंह राठी की हत्या के मुख्य संदिग्धों में से एक है। ऐसा संदेह है कि वह ब्रिटेन में रह रहा है।
4). मंजीत महल गिरोह: अनूप-बलराज गिरोह के सदस्य मंजीत महल पर गैंगस्टर से नेता बने किशन पहलवान के कई सहयोगियों की हत्या करने का आरोप है। महल का नाम 2016 में इनेलो नेता भरत सिंह की हत्या में भी सामने आया था।
5). जितेंद्र गोगी: संपत नेहरा गिरोह: जितेंद्र गोगी की प्रतिद्वंद्वियों के साथ गैंगवार होने के बाद सितंबर 2021 में रोहिणी अदालत के अंदर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, लेकिन उसके बाद संपत नेहरा ने गिरोह की कमान संभाल ली।
6). कौशल गिरोह: लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कट्टर प्रतिद्वंद्वी कौशल चौधरी पर अगस्त 2021 में मोहाली में एक युवा राजनेता विक्की मिड्दुखेड़ा की हत्या में शामिल होने का आरोप है।
7). नीरज फरीदपुरिया गिरोह: नीरज फरीदपुरिया और उसके साथी हरियाणा में अनाज मंडी के व्यापारियों और 'आढ़तियों' से जबरन वसूली करने लिए कुख्यात हैं। ये फरीदाबाद में कांग्रेस नेता विकास चौधरी की 2019 जून में हत्या के मामले में भी वांछित हैं।
8). नीरज बवाना गिरोह: नीरज बवाना का गिरोह हरियाणा के व्यापारियों से जबरन वसूली की मांग करने के लिए कुख्यात है। वह वर्तमान में तिहाड़ जेल में बंद है।
9). सुनील टिल्लू गिरोह: सुनील मान उर्फ टिल्लू ताजपुरिया की मई 2023 में तिहाड़ में प्रतिद्वंद्वी गोगी गिरोह के सदस्यों ने चाकू घोंपकर हत्या कर दी थी। ऐसा माना जा रहा है कि उसके गिरोह के सदस्य उसकी हत्या का बदला लेने के लिए अवसर की तलाश में हैं।
10). हाशिम बाबा: जेल में बंद अपराधी हाशिम बाबा पर हाल ही में दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में हुई गोलीबारी की घटना में संलिप्त होने का आरोप है। उस पर हत्या और हत्या के प्रयास सहित 16 मामले दर्ज हैं।
11). इरफान उर्फ छेनू गिरोह: नासिर-इरफान (उर्फ छेनू पहलवान) गिरोह अवैध सट्टेबाजी और जुआ कारोबार में शामिल है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel 'PUNJAB KESARI' को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।