‘PM Modi महान नेता हैं, उनसे मिलना सम्मान की बात है’; प्रधानमंत्री की तारीफ में बोले JD Vance

Summary :

PM मोदी और अमेरिकी उपराष्ट्रपति की वार्ता में कई अहम पहलुओं पर चर्चा…

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अमेरिका के उपराष्ट्रपति जे.डी. वेंस, उनकी पत्नी और बच्चों से मुलाकात की। इस दौरान पीएम मोदी ने उनका स्वागत किया और दोनों नेताओं के बीच कई अहम मुद्दों पर बातचीत हुई। प्रधानमंत्री ने जनवरी में वाशिंगटन डी.सी. की अपनी सफल यात्रा और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ हुई सार्थक बातचीत को याद किया। उन्होंने मेक अमेरिका ग्रेट अगेन और विकसित भारत 2047 की साझी ताकतों का लाभ उठाकर भारत-अमेरिका सहयोग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के संकल्प को दोहराया। प्रधानमंत्री मोदी और उपराष्ट्रपति वेंस ने फरवरी में पेरिस में हुई पिछली मुलाकात के बाद द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की और उसे सकारात्मक रूप में आंका।

सुरक्षा और व्यापार समेत कई मुद्दों पर चर्चा

दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते में हुई उल्लेखनीय प्रगति का स्वागत किया, जो दोनों देशों की जनता के कल्याण पर केंद्रित है। साथ ही, ऊर्जा, रक्षा, रणनीतिक तकनीक और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और सुदृढ़ करने के निरंतर प्रयासों की भी सराहना की। दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और परस्पर हित के मामलों में संवाद और कूटनीति को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया। इसके साथ ही, प्रधानमंत्री ने उपराष्ट्रपति वेंस, उनकी पत्नी और उनके बच्चों को भारत प्रवास के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके लिए एक सुखद तथा सफल यात्रा की कामना की।

13 वर्षों के बाद अमेरिकी उपराष्ट्रपति की पहली यात्रा

प्रधानमंत्री मोदी के साथ बैठक के बाद, वे प्रधानमंत्री द्वारा आयोजित रात्रिभोज में भी शामिल हुए। यह किसी अमेरिकी उपराष्ट्रपति की 13 वर्षों में भारत की पहली यात्रा है। इससे पहले, 2013 में तत्कालीन उपराष्ट्रपति जो बाइडन भारत आए थे। उल्लेखनीय है कि उपराष्‍ट्र्रपत‍ि की पत्‍नी उषा वेंस भारतीय मूल की हैं, जिनके माता-पिता दशकों पहले आंध्र प्रदेश से अमेरिका गए थे। अमेरिका में जन्मी और पली-बढ़ी उषा ने येल विश्वविद्यालय से इतिहास में स्नातक और कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय से दर्शनशास्त्र में परास्नातक की पढ़ाई की है।

Team Desk