Parliament Winter Session Day 11 LIVE: संसद के शीतकालीन सत्र का अनितम सप्ताह आज से शुरू हो गया है। सोमवार को सत्र के 11वें दिन की शुरुआत लोकसभा में सुबह 11 बजे प्रश्नकाल से होगी, जबकि राज्यसभा में भी कई अहम विधायी कार्य सूचीबद्ध हैं। सरकार आज लोकसभा में एटॉमिक एनर्जी (संशोधन) विधेयक पेश करने जा रही है। इस बिल के जरिए देश के परमाणु ऊर्जा क्षेत्र में प्राइवेट कंपनियों को काम करने का मौका मिलेगा।
माना जा रहा है कि इससे भारत में परमाणु ऊर्जा उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और तकनीकी विकास को नई गति मिलेगी। इसके अलावा कॉर्पोरेट कानूनों और हायर एजुकेशन कमीशन ऑफ इंडिया से जुड़े विधेयकों पर भी चर्चा होने की संभावना है।
हालांकि, सत्र के अंतिम चरण में भी विपक्ष के तेवर नरम पड़ते नहीं दिख रहे हैं। चुनाव आयोग के SIR अभियान और वंदे मातरम् जैसे मुद्दों पर पहले से ही माहौल गरम है और आज भी दोनों सदनों में इस पर हंगामे के आसार बने हुए हैं। विपक्ष सरकार को इन मुद्दों पर घेरने की रणनीति में है, जिससे बहस और टकराव देखने को मिल सकता है।
भाजपा ने अपने लोकसभा सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है, जिसमें उन्हें 15 दिसंबर से 19 दिसंबर तक सदन में मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 15, 2025
यहां पढ़ें पल-पल के LIVE अपडेट्स-
ये काम में नहीं बल्कि प्रचार में विश्वास रखते हैं- दीपेंद्र सिंह हुड्डा
December 15, 2025 3:56 pm
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने MGNREGA का नाम बदले जाने पर कहा, "... यह बात कोई आश्चर्यचकित करने वाली नहीं है क्योंकि यह इनकी कार्यशैली है। ये लोग केवल नाम बदलने में विश्वास रखते हैं। ये काम में नहीं बल्कि प्रचार में विश्वास रखते हैं..."
लोकसभा में पेश किया विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान बिल 2025, विपक्ष ने किया विरोध
December 15, 2025 2:59 pm
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने सोमवार को लोकसभा में विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान बिल, 2025 पेश किया है। इस विधेयक के माध्यम से यूजीसी एआईसीटीई और एनसीटीई को एक संस्थान बनाया जाएगा। हालांकि, विपक्ष ने इस के विरोध में लोकसभा में जमकर बवाल काटा।
महात्मा गांधी का नाम हटाने का क्या तुक है- सांसद राजीव शुक्ला
December 15, 2025 2:24 pm
कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने MGNREGA का नाम बदले जाने पर कहा, "मुझे बड़ी हंसी आती है कि ये(केंद्र सरकार) MGNREGA का नाम बदल रहे हैं, महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलकर जबरदस्ती पूज्य बापू योजना कर रहे हैं। गुजरात में तो लोग सबको बापू कहते हैं... तो महात्मा गांधी का नाम हटाने का क्या तुक है?"
आज उन्हें महात्मा गांधी के नाम पर भी दिक्कत है- कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन
December 15, 2025 2:12 pm
कांग्रेस सांसद रंजीत रंजन ने MGNREGA का नाम बदले जाने पर कहा, "आश्चर्य है कि पहले भाजपा, सत्ता पक्ष को कांग्रेस, जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी से दिक्कत थी लेकिन आज उन्हें महात्मा गांधी के नाम पर भी दिक्कत है... पूरा देश देख रहा है कि MGNREGA में जो भ्रष्टाचार है आपको उसकी चिंता नहीं है, आपको इसके तहत दिन(रोजगार के लिए दिन) बढ़ाने चाहिए उसकी चिंता नहीं, आपको गरीबों का जो पलायन हो रहा है, उसकी चिंता नहीं है, आपको बापू का नाम हटाना है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है...आप महात्मा गांधी का नाम इससे गायब कर रहे हैं, यह आपकी संकीर्ण मानसिकता को दिखाता है।"
महात्मा गांधी का नाम क्यों हटा रहे हैं- मनरेगा कानून बदलने पर बोली प्रियंका गांधी
December 15, 2025 2:04 pm
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने MGNREGA का नाम बदले जाने पर कहा, "...वे महात्मा गांधी का नाम क्यों हटा रहे हैं? वे इस देश के, इतिहास के और दुनिया के सबसे बड़े नेता माने जाते हैं। मुझे समझ नहीं आ रहा इसके पीछे इनकी(सरकार की) मंशा क्या है? सदन चल नहीं रहा। असली मुद्दों पर चर्चा नहीं हो रही। समय बर्बाद हो रहा है, और देश के संसाधन, जिनका इस्तेमाल इस सदन को चलाने के लिए होता है, वह बर्बाद हो रहे हैं क्योंकि हम किसी भी चीज़ पर चर्चा नहीं कर रहे हैं। वे (सत्ताधारी पार्टी) खुद ही बाधा डाल रहे हैं।"
संसद में हुए हंगामे पर बोली प्रियंका गांधी वाड्रा
December 15, 2025 1:03 pm
कल कांग्रेस रैली में PM मोदी के खिलाफ लगाए गए नारों पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "आप (मीडिया) ये क्यों नहीं पूछते कि सरकार खुद सदन की कार्यवाही में बाधा क्यों डाल रहे हैं... मंच पर बिल्कुल ऐसा कुछ नहीं हुआ। फिर पता चला कि जनता में कोई कह रहा है, कोई कार्यकर्ता है या नहीं ये भी नहीं पता। फिर, इसे सदन में क्यों उठाया जा रहा है? वे (सत्ता पक्ष) नहीं चाहते कि सदन चले। हमने प्रदूषण पर चर्चा की मांग की थी, लेकिन वे वह भी नहीं कर रहे।"
इस तरह के नारे लगाना और गंदे अपशब्द कहना गलत है- कंगना रनौत
December 15, 2025 1:01 pm
भाजपा सांसद कंगना रनौत ने कांग्रेस की मेगा रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर कहा, "कौन से सभ्य देश में इस तरह से खुलेआम एक रैली में आप किसी के मरने की बद्दुआएं देते हैं, किसी को अपशब्द कहते हैं...हमारी विचारधाराएं भले अलग हैं लेकिन हम दुश्मन नहीं हैं... इस तरह के नारे लगाना, गंदे अपशब्द कहना गलत है, हम इससे बहुत आहत हैं। वे इस देश के, 140 करोड़ जनता के चुने हुए प्रधानमंत्री हैं... हम इससे बहुत दुखी हैं और चिंतित भी हैं कि राजनीति में ये किस तरह का माहौल बन रहा है?"
राहुल गांधी बौखला गए हैं- शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के
December 15, 2025 12:25 pm
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने 'वोट चोरी' के खिलाफ कांग्रेस की मेगा रैली के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ नारेबाजी पर कहा, "राहुल गांधी बौखला गए हैं। अपनी नाकामयाबी का ठीकरा EVM पर फोड़ रहे हैं, मैंने प्रियंका गांधी का भी भाषण सुना, उन्होंने कहा कि बैलट पर चुनाव होने चाहिए। EVM कौन लेकर आया? राजीव गांधी लेकर आए... जहां बोलना चाहिए वहां संसद में राहुल गांधी बैठते ही नहीं, वे बौखला गए हैं..." बिहार के मंत्री नितिन नबीन को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर उन्होंने कहा, "एक कार्यकर्ता जो ज़मीन से जुड़ा है, जो संगठन से जुड़ा रहा है, उसे इतनी बहुत बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, यह युवा कार्यकर्ताओं के लिए आदर्श है। हम अपनी पार्टी शिवसेना की ओर से उन्हें बधाई देते हैं।"
सदन में माफी मांगे राहुल और सोनिया गांधी- जेपी नड्डा
December 15, 2025 11:29 am
राजयसभा में जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस की रैली में पीएम मोदी पर गलत टिप्पणियां की गई। पीएम के खिलाफ ऐसी बात करना और मृत्यु की कामना करना बहुत ही निंदनीय है। इस तरीके के नारे कांग्रेस पार्टी की सोच और मानसिकता को दर्शाता है। राहुल और सोनिया गांधी देश से माफी मांगे।’ इस मुद्दे पर हंगामे के चलते राज्यसभा की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को माफी मांगनी चाहिए- किरेन रिजिजू
December 15, 2025 11:25 am
लोकसभा में किरेन रिजिजू ने कहा कि कल कांग्रेस की मेगा रैली में प्रधानमंत्री मोदी जी की कब्र खोदने की बात कही गई थी। यह देश के लिए बहुत दुखद समय है कि कांग्रेस पार्टी ऐसे शब्दों का इस्तेमाल करती है। कांग्रेस के सारे बड़े नेता उस रैली में मौजूद थे और पीएम मोदी की कब्र खोदने का नारा लगाया गया। सदन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष को माफी मांगनी चाहिए।
संसद को सारे काम छोड़कर प्रदूषण पर बहस करनी चाहिए- मनीष तिवारी
December 15, 2025 11:18 am

कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने कहा, "वायु प्रदुषण पर 2019 में भी मैंने नोटिस दिया था और बहस शुरू की थी, पिछले 6 साल में प्रदुषण में कोई फर्क नहीं पड़ा है, हालत और खराब हो गई है। लोगों का सांस लेना मुश्किल हो रहा है, संसद को सारे काम छोड़कर प्राथमिकता पर इसपर बहस करनी चाहिए।"