Ram Mandir Flag Hoisting Live Updates: अयोध्या आज यानी 25 नवंबर को एक बार फिर इतिहास रचने जा रही है। इस दिन विवाह पंचमी का पर्व मनाया जाएगा और राम मंदिर के शिखर पर केसरिया ध्वज फहराया जाएगा। इसे सिर्फ धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि त्रेता युग की याद दिलाने वाला अद्भुत दृश्य माना जा रहा है। श्रीरामचरितमानस के अनुसार, “बंधन व पताका केतु और शिव बनाए मंगल हेतु” यानी ध्वज स्वयं शुभता का प्रतीक है।
पीएम मोदी राम मंदिर के शिखर पर अभिजीत मुहूर्त में भगवा ध्वज फहराएंगे। ध्वाजारोहण का शुभ मुहूर्त 11 बजकर 52 मिनट से दोपहर 12 बजकर 35 मिनट तक है।

This Live Blog has Ended

पीएम मोदी ने मेहमानों का अभिवादन किया

November 25, 2025 1:06 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या ध्वजारोहण समारोह में अपना भाषण खत्म करने के बाद श्री राम जन्मभूमि मंदिर परिसर में मौजूद मेहमानों का अभिवादन किया।

जब भी राम मंदिर के दर्शन करें, तो सप्त मंदिर के दर्शन भी जरूर करें- PM Modi

November 25, 2025 1:03 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, " यहां एक ही स्थान पर माता अहिल्या है, महर्षि वाल्मीकि हैं, महर्षि वशिष्ठ हैं, महर्षि विश्वामित्र हैं, महर्षि अगस्त्य हैं और संत तुलसीदास हैं। रामलला के साथ-साथ इन सभी ऋषियों के दर्शन भी यहीं पर होते हैं।यहां जटायु जी और गिलहरी की मूर्तियां भी हैं। जो बड़े संकल्पों की सिद्धि के लिए हर छोटे से छोटे प्रयास के महत्व को दिखाती हैं। मैं हर देशवासी से कहूंगा कि जब आप राम मंदिर के दर्शन करे तो सप्त मंदिर के दर्शन भी करे। ये मंदिर आस्था के साथ-साथ मित्रता, सामाजिक सद्भाव के मूल्यों को भी शक्ति देते हैं हम सब जानते हैं कि राम भेद से नहीं भाव से जुड़ते हैं।"

राम भेद से नहीं भाव से जुड़ते हैं- पीएम मोदी

November 25, 2025 12:54 pm

अयोध्या में धर्म ध्वज फहराने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, 'हम सब जानते हैं कि हमारे राम भेद से नहीं भाव से जुड़ते हैं। उनके लिए व्यक्ति का कुल नहीं, उसकी भक्ति महत्वपूर्ण है। उन्हें वंश नहीं, मूल्य प्रिय है। उन्हें शक्ति नहीं, सहयोग महान लगता है। आज हम भी उसी भावना से आगे बढ़ रहे हैं।' प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि पिछले 11 वर्षों में महिला, दलित, पिछड़े, अति-पिछड़े, आदिवासी, वंचित, किसान, श्रमिक और युवा हर वर्ग को विकास के केंद्र में रखा गया है। उन्होंने कहा, 'जब देश का हर व्यक्ति, हर वर्ग, हर क्षेत्र सशक्त होगा, तब संकल्प की सिद्धि में सबका प्रयास लगेगा और सबके प्रयास से ही 2047 में जब देश आजादी के 100 साल मनाएगा, तब तक हमें विकसित भारत का निर्माण करना ही होगा।'

प्राण जाएं पर वचन न जाएं- पीएम मोदी

November 25, 2025 12:40 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, "आने वाली सदियां और सहस्र शताब्दियों तक ये धर्म ध्वज प्रभु राम के आर्दशों और सिद्धांतों का उद्घोष करेगा,ये धर्म ध्वज आह्वान करेगा कि सत्य की जीत होती है असत्य की नहीं। ये धर्म ध्वज उद्घोष करेगा कि सत्य ही ब्रह्म का स्वरूप है। सत्य में ही धर्म स्थापित है। ये धर्म धर्म ध्वज प्रेरणा बनेगा कि प्राण जाए पर वचन न जाए यानी जो कहा वही किया जाए..."

आज संपूर्ण भारत और विश्व राममय है- PM Modi

November 25, 2025 12:27 pm

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आज अयोध्या नगरी भारत की सांस्कृतिक चेतना के एक और बिंदु की साक्षी बन रही है। आज संपूर्ण भारत और विश्व राममय है... हर राम भक्त के हृदय में अपार अलौकिक आनंद है। सदियों के घाव भर रहे हैं। आज सदियों की वेदना विराम पा रही है। सदियों का संकल्प आज सिद्धि को प्राप्त हो रहा है..."

आज उनकी आत्मा को तृप्त हुई होगी- मोहन भागवत

November 25, 2025 12:22 pm

RSS प्रमुख मोहन भागवत ने कहा, "आज हम सबके लिए एक सार्थकता का दिन है। इतने लोगों ने सपना देखा, इतने लोगों ने प्रयास किए, इतने लोगों ने अपने प्राण अर्पण किए आज उनकी आत्मा को तृप्त हुई होगी। आज वास्तव में अशोक जी को वहां शांति मिली होगी....उन्होंने अपना प्राण अर्पण किया और अपना पसीना बहाया तथा जो पीछे रहे वो भी मन में इच्छा करते रहे कि मंदिर बनेगा-बनेगा और आज मंदिर निर्माण की शास्त्रीय प्रक्रिया पूर्ण हो गई। ध्वजारोहण हो गया....हमने इसे अपनी आंखों से देखा है।"

भगवान राम का यह भव्य मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान और गौरव का प्रतीक- CM Yogi

November 25, 2025 12:19 pm

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "भगवान राम का यह भव्य मंदिर 140 करोड़ भारतीयों की आस्था, सम्मान और आत्म गौरव का प्रतीक है... श्री राम जन्मभूमि मंदिर पर लहराता यह केसरिया ध्वज धर्म, मर्यादा, सत्य, न्याय और राष्ट्र धर्म का प्रतीक है... पिछले 500 वर्षों में साम्राज्य बदले और पीढ़ियां बदली परंतु आस्था हमेशा अडिग रही... जब RSS जैसे संगठन के हाथों में कमान आई तो एक ही उद्घोष हुआ कि रामलला हम आएंगे, मंदिर वही बनाएंगे। लाठी गोली खाएंगे, मंदिर वही बनाएंगे... यहां हर दिन एक पर्व है और हर दिशा में राम राज्य की अनुभूति हो रही है..."

CM योगी ने पीएम मोदी को भेंट की राम लला की मूर्ति

November 25, 2025 12:12 pm

उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने PM नरेंद्र मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत को श्री राम जन्मभूमि मंदिर के 'शिखर' पर फहराए गए भगवा ध्वज और मंदिर में राम लला की मूर्ति के छोटे मॉडल भेंट किए।

एक नए युग का शुभारंभ - CM योगी आदित्यनाथ

November 25, 2025 12:09 pm

उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा,"अयोध्या में राम जन्मभूमि मंदिर पर ध्वजारोहण एक यज्ञ की पूर्णाहुति नहीं बल्कि एक नए युग का शुभारंभ है। इस अवसर पर मैं प्रधानमंत्री मोदी और RSS सरसंघचालक मोहन भागवत का उत्तर प्रदेश सरकार और उत्तर प्रदेश वासियों की ओर से हृदय से अभिनंदन करता हूं।"

राम मंदिर के शिखर पर किया ध्वजारोहण

November 25, 2025 12:01 pm

पीएम मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराया, जो मंदिर का निर्माण पूरा होने का प्रतीक है।

ध्वज पर कोविदारा वृक्ष की छवि के साथ ॐअंकित

November 25, 2025 11:54 am

राम मंदिर के शिखर पर फेहराया जाने वाला ध्वज 10 फीट ऊंचा और 20 फीट लंबा, समकोण त्रिभुजाकार है। इसपर दीप्तिमान सूर्य की छवि अंकित है, जिस पर कोविदारा वृक्ष की छवि के साथ 'ॐ' अंकित है।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan LIVE: कुछ ही देर में राम मंदिर के शिखर पर ध्वजारोहण करेंगे पीएम मोदी

November 25, 2025 11:35 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी थोड़ी देर में अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर के 'शिखर' पर भगवा झंडा फहराएंगे। झंडा पारंपरिक उत्तर भारतीय नागर आर्किटेक्चरल स्टाइल में बने शिखर पर फहराया जाएगा, जबकि मंदिर के चारों ओर बना 800 मीटर का परकोटा, जो दक्षिण भारतीय आर्किटेक्चरल परंपरा में डिज़ाइन किया गया है, मंदिर की आर्किटेक्चरल विविधता को दिखाता है।

ध्वजारोहण से पहले पीएम मोदी ने की रामलला की पूजा

November 25, 2025 11:22 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत ने ऐतिहासिक ध्वजारोहण से पहले अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि मंदिर में रामलला की पूजा की।

PM मोदी ने राम दरबार गर्भ गृह में दर्शन और पूजा की

November 25, 2025 11:18 am

राम मंदिर में ऐतिहासिक ध्वजारोहण से पहले PM मोदी और RSS प्रमुख मोहन भागवत ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच श्री राम दरबार गर्भ गृह में दर्शन और पूजा की।

पीएम मोदी ने माता अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा-अर्चना की

November 25, 2025 11:15 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ऐतिहासिक ध्वजारोहण से पहले माता अन्नपूर्णा मंदिर में पूजा-अर्चना की।

शेषावतार मंदिर पहुंचे पीएम मोदी

November 25, 2025 10:51 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्री राम जन्मभूमि मंदिर में ध्वजारोहण से पहले शेषावतार मंदिर में पूजा-अर्चना की।

Ayodhya Ram Mandir Dhwajarohan LIVE: सप्तमंदिर पहुंचे पीएम मोदी

November 25, 2025 10:42 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सप्तमंदिर पहुंचे, जहां महर्षि वशिष्ठ, महर्षि विश्वामित्र, महर्षि अगस्त्य, महर्षि वाल्मीकि, देवी अहिल्या, निषादराज गुहा और माता शबरी से जुड़े मंदिर हैं।

पीएम मोदी का रोड शो शुरू

November 25, 2025 10:24 am

पीएम मोदी का रोड शो शुरू हो गया गया है। यह रोड शो साकेत महाविद्यालय से प्रारंभ हुआ। मोदी जी VIP गेट नंबर नंबर-11 से मंदिर में प्रवेश करेंगे। निर्धारित शुभ मुहूर्त सुबह 11:58 बजे वे राम मंदिर के शिखर पर ध्वज स्थापित करेंगे।

रोड शो करते हुए राम मंदिर पहुंचेंगे PM मोदी

November 25, 2025 10:15 am

साकेत कॉलेज के मुख्य द्वार से प्रधानमंत्री रोड शो करेंगे। रोड शो करते हुए पीएम मोदी राम मंदिर के जगदगुरु आद्य शंकराचार्य द्वार से मंदिर में प्रवेश करेंगे।

Ram Mandir Dhwajarohan LIVE: अयोध्या पहुंचे पीएम मोदी

November 25, 2025 10:08 am

राम मंदिर में ध्वजारोहण के लिए पीएम मोदी अयोधा पहुंच गए हैं। उनका हेलीकॉप्टर साकेत महाविद्यालय के अस्थायी हेलीपैड पर उतरा। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।