Kullu bus accident: देवभूमि हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। बंजार पुलिस थाना क्षेत्र के तहत सोझा के पास एक पर्यटक बस अनियंत्रित होकर सड़क से कई फीट नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि बताया जा रहा है कि 18 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
वही, यह घटना एक बार फिर पहाड़ी इलाकों में सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
खाई में गिरा पर्यटक वाहन
मिली जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहन (DL1BC 4958) में कुल 22 लोग सवार थे, जिनमें अधिकतर पर्यटक बताए जा रहे हैं।वाहन के गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंच गए।
18 यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
स्थानीय लोगों की सूचना पर जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (DDMA) कुल्लू और पुलिस की टीमें तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। राहत और बचाव अभियान चलाकर खाई में गिरे 22 यात्रियों में से 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
रेस्क्यू ऑपरेशन कई घंटों तक चला, जिसमें प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
4 लोगों की दर्दनाक मौत
कुल्लू के उपायुक्त अनुराग चंद्र ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 4 लोगों की मौत हो गई है। मृतकों में दो पुरुष और दो महिलाएं शामिल हैं।
प्रशासन की ओर से मृतकों की पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
घायलों का अस्पताल में इलाज
हादसे में घायल हुए सभी 18 लोगों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल (CH) बंजार में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम घायलों का उपचार कर रही है और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
कई विभागों ने मिलकर चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
DDMA कुल्लू के अनुसार बचाव अभियान में प्रशासन, पुलिस, राजस्व विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग और स्थानीय निवासियों ने मिलकर काम किया। सभी टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन को सफलतापूर्वक पूरा किया।
Kullu bus accident: फिलहाल प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पहाड़ी क्षेत्रों में ऐसे हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा उपायों पर भी फिर से चर्चा तेज हो गई है।























