पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता, दासूवाल व घनश्यामपुरिया गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार

पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता, दासूवाल व घनश्यामपुरिया गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार

मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर पंजाब को सुरक्षित और अपराधमुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) और तरनतारन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में प्रभ दासूवाल-गोपी घनश्यामपुरिया गैंग के दो शातिरों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों हाल ही में पट्टी तरनतारन के एक सैलून पर हुई फायरिंग की घटना में शामिल थे। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गुरप्रीत सिंह उर्फ गांधी (निवासी खडूर साहिब, तरनतारन) और जसकरण उर्फ करण (निवासी गांव फैलोके, तरनतारन) के रूप में हुई है। इनकी गिरफ्तारी के समय इनके पास से ‘तीन देशी 30 बोर पिस्तौल’ भी बरामद की गई।

घनश्यामपुरिया गैंग के दो गुर्गे गिरफ्तार

डीजीपी ने बताया कि 24 अगस्त की रात करीब 11:30 बजे, तीन बाइक सवारों ने पट्टी, तरनतारन स्थित एक सैलून पर गोलियां चलाई थीं। सैलून मालिक को पिछले कुछ महीनों से अज्ञात मोबाइल नंबरों से हफ्ता वसूली की धमकियां मिल रही थीं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों आरोपी विदेश में बैठे गैंगस्टर प्रभ दासूवाल के संपर्क में थे और उसी के निर्देश पर उन्होंने फायरिंग की थी ताकि सैलून मालिक से पैसे वसूले जा सकें। डीजीपी यादव ने कहा कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहे थे और पंजाब में कोई सेंसेशनल क्राइम करने की साजिश रच रहे थे। उन्होंने बताया कि अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक पहुंचने के लिए कड़ियों की जांच जारी है।

विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज

एडीजीपी एजीटीएफ प्रमोद बान ने बताया कि खुफिया सूचना और तकनीकी निगरानी के जरिए इन दोनों आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी कि ये लोग किसी बड़ी वारदात की साजिश में लगे हैं। तुरंत कार्रवाई करते हुए एजीटीएफ और तरनतारन पुलिस की संयुक्त टीम ने सरहाली रोड, कैरों (तरनतारन) से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। तरनतारन के एसएसपी दीपक पारीक ने बताया कि गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले, जैसे हत्या, चोरी और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज हैं। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125, 308(4), 324(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत थाना सिटी पट्टी, तरनतारन में एफआईआर दर्ज की गई थी। पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और इनके संभावित अपराधों की जांच में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


Make Punjab Kesari Your Trusted News Source

Related Posts

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।