Bangladesh Boycott T20 World Cup 2026: ICC की चेतावनी और अल्टीमेटम के बावजूद बांग्लादेश ने T20 World Cup 2026 को लेकर अपना सख्त रुख बरकरार रखा है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB), खिलाड़ियों और अंतरिम यूनुस सरकार के खेल सलाहकार के बीच हुई अहम बैठक के बाद साफ कर दिया गया है कि जब तक टूर्नामेंट के मैचों का वेन्यू भारत से बदलकर श्रीलंका नहीं किया जाता, तब तक बांग्लादेश टीम वर्ल्ड कप में हिस्सा नहीं लेगी।
Bangladesh Boycott T20 World Cup 2026: ICC पर लगाए आरोप

बैठक के बाद खेल सलाहकार आसिफ नज़रुल ने ICC पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा को नजरअंदाज किया जा रहा है। उनके मुताबिक सरकार, क्रिकेट बोर्ड और खिलाड़ी – तीनों इस फैसले पर एकमत हैं कि सुरक्षा से किसी भी सूरत में समझौता नहीं किया जाएगा। आसिफ नज़रुल ने दो टूक कहा कि बांग्लादेश किसी दबाव में नहीं झुकेगा और अगर टीम वर्ल्ड कप नहीं खेलती है तो इसके नतीजों की जिम्मेदारी ICC को लेनी होगी।
BCB ने स्पष्ट किया रुख

वहीं, BCB ने भी अपना फैसला दोहराते हुए कहा कि मौजूदा हालात में भारत जाकर खेलना सुरक्षित नहीं है, इसलिए वेन्यू बदलना जरूरी है। हालांकि ICC पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि टूर्नामेंट के मुकाबले भारत से बाहर नहीं ले जाए जाएंगे। इसके बावजूद बांग्लादेश अपने फैसले से पीछे हटने को तैयार नहीं है, जिससे T20 वर्ल्ड कप पर संकट के बादल और गहरे होते नजर आ रहे हैं।

शेड्यूल के मुताबिक बांग्लादेश को ग्रुप C में रखा गया था, जहां उसके शुरुआती तीन मुकाबले कोलकाता में होने थे, जबकि आखिरी ग्रुप मैच 17 फरवरी को मुंबई में नेपाल के खिलाफ खेला जाना था। अब इस टकराव के बीच सभी की नजरें ICC के अगले कदम और इस विवाद के समाधान पर टिकी हुई हैं।
Also Read: बांग्लादेश क्रिकेट में फिक्सिंग का मामला आया सामने, पैसे लेकर हरवाया अपनी ही टीम को मैच





















