Bangladesh Players Boycott BPL: टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच चल रहा तनाव अब बांग्लादेश के घरेलू क्रिकेट तक पहुंच गया है। एक तरफ बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भारत में होने वाले वर्ल्ड कप मुकाबलों को लेकर ICC से वेन्यू बदलने की मांग कर रहा है, तो दूसरी तरफ अब अपने ही खिलाड़ी बोर्ड के खिलाफ खुलकर खड़े हो गए हैं। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि बांग्लादेश प्रीमियर लीग यानी BPL के ऊपर बीच सीजन रद्द होने का खतरा पैदा हो गया है।
Bangladesh Players Boycott BPL: एक बयान से शुरू हुआ विवाद

दरअसल पूरा विवाद BCB की फाइनेंस कमेटी के चेयरमैन नजमुल हसन के एक बयान से शुरू हुआ। उनके बयान से नाराज़ होकर Cricketers Welfare Association of Bangladesh ने बड़ा कदम उठाने का ऐलान कर दिया। संगठन ने साफ कहा है कि अगर नजमुल हसन ने 15 जनवरी से पहले अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया, तो खिलाड़ी मैदान पर उतरने से इनकार कर देंगे।
गुरुवार को BPL के दो मुकाबले तय थे, एक दोपहर 1 बजे और दूसरा शाम 6 बजे। लेकिन हालात ऐसे बन गए कि दोपहर वाला मैच समय पर शुरू ही नहीं हो सका। दो बजे के बाद भी खिलाड़ी होटल से बाहर नहीं निकले, जिससे मुकाबले के रद्द होने की पूरी संभावना बन गई। वहीं शाम के मैच पर भी खतरा मंडरा रहा है।
भड़क उठा खिलाड़ियों का गुस्सा

खिलाड़ियों का गुस्सा उस वक्त और भड़क गया जब नजमुल हसन ने यह कह दिया कि अगर बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होता है, तो बोर्ड को कोई आर्थिक नुकसान नहीं होगा, नुकसान सिर्फ खिलाड़ियों का होगा क्योंकि उन्हें मैच फीस नहीं मिलेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने पहले पूर्व कप्तान तमिम इकबाल को ‘भारतीय एजेंट’ तक कह दिया था। तमिम ने सिर्फ इतना कहा था कि बोर्ड को भारत जाने के फैसले पर सोच-समझकर कदम उठाना चाहिए और क्रिकेट को राजनीति से ऊपर रखना चाहिए।

नजमुल हसन ने मुआवजे को लेकर भी विवादित बयान दिया और कहा कि अगर खिलाड़ी कहीं जाकर कुछ हासिल नहीं कर पाए तो क्या बोर्ड उनसे खर्च किए गए करोड़ों रुपये वापस मांगे? उन्होंने यहां तक कह दिया कि बोर्ड के बिना खिलाड़ियों का अस्तित्व ही मुश्किल है। इसी बयान के बाद खिलाड़ियों का सब्र टूट गया और CWAB ने खेलने से इनकार करने का ऐलान कर दिया।
अब हालात ऐसे बन चुके हैं कि अगर बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच जल्द समझौता नहीं हुआ, तो BPL बीच सीजन में ही रद्द हो सकता है। इससे बांग्लादेश क्रिकेट की साख को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है और आने वाले टी20 वर्ल्ड कप से पहले हालात और ज्यादा बिगड़ सकते हैं।
Also Read: BCCI ने फिर दिखाई चिंदी गिरी, करोड़ों के बजट के बावजूद इस भारतीय खिलाड़ी का किया अपमान





















