Vaibhav Suryavanshi Shines in U-19 WC: वैभव सूर्यवंशी पहले ही क्रिकेट जगत में अपना लोहा मनवा चुके हैं. उन्होंने महज 14 साल की उम्र में आईपीएल में तहलका मचाया. जिसके बाद उनका जलवा अंडर-19 क्रिकेट में भी देखने को मिला. अब बिहार का लाल अंडर-19 विश्व कप में अपनी चमक बिखेर रहा है. इंडिया अंडर-19 को फाइनल में पहुंचाने में उन्होंने अहम योगदान दिया. अब तक खेले गए 6 मैचों में ये लेफ्ट हैंड बैटर 250 से अधिक रन जड़ चुके हैं.
Vaibhav Suryavanshi Shines in U-19 WC: वैभव सूर्यवंशी का अंडर-19 विश्व कप में धमाल

वैभव सूर्यवंशी इन दिनों जिम्बाब्वे में धमाल मचा रहे हैं. जहां ये युवा बल्लेबाज अंडर-19 वर्ल्ड कप में इंडिया अंडर-19 का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. यूएसए के खिलाफ पहले मुकाबले में उनका बल्ला खामोश रहा. जब वैभव महज 2 रन बनाकर चलते बने. हालांकि बांग्लादेश के विरुद्ध अगले ही मैच में वह 72 रन ठोकने में कामयाब रहे. न्यूजीलैंड के खिलाफ उनके बल्ले से 40 रनों की पारी निकली.
अब बारी सुपर-सिक्स की थी. जिम्बाब्वे के खिलाफ सूर्यवंशी ने 52 रन जड़ दिए. वहीं पाकिस्तान के खिलाफ दबाव वाले मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 30 रनों का योगदान दिया. सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के सामने 68 रन ठोक वह अपनी टीम के हीरो बने. 6 मैचों की इतनी ही पारियों में 14 वर्षीय बैटर ने 264 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतकीय पारियां निकली हैं. उनका औसत 44 व स्ट्राइक रेट करीब 148 का रहा है.
सेमीफाइनल में बने इंडिया अंडर-19 की जीत के हीरो

बीते 4 फरवरी को इंडिया अंडर-19 सेमीफाइनल मुकाबला खेलने उतरी. उनके सामने अफगानिस्तान खड़ी थी. टॉस अफगान टीम के पक्ष में गया. उन्होंने पहले बल्लेबाजी चुनी. पहले खेलकर इस टीम ने 310 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में वैभव सूर्यवंशी ने इंडिया अंडर-19 को तूफानी शुरुआत दी. सलामी बल्लेबाज ने केवल 33 गेंदों पर ताबड़तोड़ 68 रन जड़े. इस पारी की बदौलत इंडिया अंडर-19 ने धमाकेदार जीत हासिल की.
फाइनल में रहेंगी इस युवा खिलाड़ी पर नजरें

इंडिया अंडर-19 अब 6 फरवरी को हरारे में अंडर-19 विश्व कप का फाइनल खेलने उतरेगी. जहां इंग्लैंड से उनकी टक्कर होगी. आयुष म्हात्रे की अगुवाई वाली टीम को अगर खिताब जीतना है तो वैभव सूर्यवंशी का चलना जरूरी है.
Read More: पूर्व पीसीबी प्रमुख नजम सेठी के बिगड़े बोल, BCCI के खिलाफ दिया अटपटा बयान























