2023 के शुरुआत से ही भारतीय टीम एक अलग रंग में नजर आ रही हैं। पहले श्रीलंका को टी20 और वनडे सीरीज में हराया और फिर न्यूजीलैंड को। हालांकि पहले ऐसा लगा था कि न्यूजीलैंड पाकिस्तान को उसी की धरती पर हरा कर आ रही है तो भारतीय टीम को भी कड़ी टक्कर देगी, मगर इससे ठीक विपरीत हुआ। न्यूजीलैंड टीम की भारतीय दिग्गजों के सामने एक ना चली। हालांकि न्यूजीलैंड के खेमे में उनके स्टार खिलाड़ी केन विलियमसन, टीम साउदी और ट्रेंट बोल्ड शामिल नहीं थे। पर उनके न रहने पर न्यूजीलैंड इतनी कमजोर पड़ जाएगी, इसकी उम्मीद किसी ने नहीं की थी। वहीं कल के मुकाबले की बात करें तो भारतीय टीम का प्रदर्शन बेहद लाजवाब रहा। कल सीरीज में पहली बार टॉस न्यूजीलैंड के पक्ष में गिरा और फिर कप्तान टॉम लैथम ने भारत को बल्लेबाजी करने का न्योता दिया, जिसका भारतीय बल्लेबाजों ने भरपूर फायदा उठाया। ओपनिंग जोड़ी कप्तान रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने मिलकर पहले विकेट के लिए 212 रन बनाए, जिसमें दोनों ने शतक लगाया। शुभमन गिल ने 78 गेंदों पर 13 चौके और 5 छक्के की मदद से 112 रन बनाएं तो वहीं कप्तान रोहित ने 85 गेंदों पर 101 रन की जबरदस्त पारी खेली।