नोएडा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, GST अधिकारी गिरफ्तार

Summary :

GST अधिकारी की गिरफ्तारी से भ्रष्टाचार का पर्दाफाश

नोएडा में जीएसटी अधिकारी सतेंद्र बहादुर सिंह को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। सतर्कता टीम ने पूर्व निर्धारित योजना के तहत यह कार्रवाई की। अधिकारी पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में रिश्वत की राशि बैंक खाते में ट्रांसफर करने की बात भी सामने आई है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग में तैनात एक वरिष्ठ अधिकारी को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि विभाग में कई अन्य अधिकारी और कर्मचारी भी भ्रष्टाचार में संलिप्त हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार, जीएसटी कार्यालय नोएडा में तैनात प्रशासनिक अधिकारी सतेंद्र बहादुर सिंह को सतर्कता अधिष्ठान मेरठ की टीम ने 19 मई को 45 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एक पूर्व निर्धारित योजना के तहत की गई। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह ग्राम सल्लापुर, नोएडा में “रामटेक” नामक एक कंप्यूटर रिपेयरिंग फर्म चला रहा है, जिसका जीएसटी पंजीकरण 2016 में कराया गया था। तकनीकी कारणों से 2016-17 और 2017-18 के लिए जीएसटी रिटर्न दाखिल नहीं किया जा सका, जिससे लगभग 4.55 लाख रुपए का टैक्स बकाया हो गया। जब शिकायतकर्ता ने जीएसटी कार्यालय से संपर्क किया, तो अधिकारी सतेंद्र बहादुर सिंह ने 45 हजार रुपए की मांग की और धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई, तो पूरा टैक्स जमा करना पड़ेगा और कोई राहत नहीं मिलेगी।

सात मोटरसाइकिल बरामद, ग्रेटर नोएडा में चोर गिरोह का भंडाफोड़

शिकायत मिलने पर मेरठ सेक्टर की सतर्कता टीम ने एक योजना बनाई। 19 मई को जैसे ही शिकायतकर्ता ने 45 हजार रुपए की रिश्वत दी, मौके पर मौजूद टीम ने अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अधिकारी ने रिश्वत की राशि एक विशेष बैंक खाते में ट्रांसफर करवाने को कहा था। टीम ने उस बैंक खाते की डिटेल्स और संबंधित ट्रांजैक्शन रिकॉर्ड भी जब्त कर लिए हैं।

सतेंद्र बहादुर सिंह के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उन्हें हिरासत में ले लिया गया है। उनसे आगे की पूछताछ जारी है। सतर्कता विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी अधिकारी उनसे सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो हेल्पलाइन नंबर 94544-01866 पर तुरंत शिकायत दर्ज कराएं। विभाग ने भरोसा दिलाया है कि शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.