अफवाहों पर ध्यान न दें, Kedarnath धाम के लिए हेली सेवाएं जारी: CM पुष्कर सिंह धामी

Summary :

चारधाम यात्रा सुगम, हेली सेवाएं बाधित नहीं: मुख्यमंत्री

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि केदारनाथ धाम की हेली सेवाएं जारी रहेंगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। सरकार ने यात्रा को सुरक्षित बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं। अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु धामों के दर्शन कर चुके हैं।

उत्तराखंड की चारधाम यात्रा को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। केदारनाथ यात्रा के लिए देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं को हेली सेवाएं लगातार मिलती रहेंगी। इसकी जानकारी खुद उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए दी। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। इसके साथ ही सीएम धामी ने बताया कि अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु धामों के दर्शन कर चुके हैं। दरअसल, सोशल मीडिया पर ऐसी खबरें चलाई जा रही थीं, जिसमें दावा किया गया था कि उत्तराखंड सरकार ने भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर अगले आदेश तक हेली सेवाएं बंद कर दी हैं। हालांकि, इस दावे को लेकर राज्य सरकार की तरफ से बयान सामने आया है। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “प्रिय श्रद्धालुगण, प्रदेश में चारधाम यात्रा निर्बाध रूप से संचालित है। अब तक 4 लाख से अधिक श्रद्धालु धामों के दर्शन कर चुके हैं। श्री केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं भी पूरी तरह से संचालित हैं।”

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा जारी, 4 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे

उन्होंने आगे लोगों से अपील करते हुए कहा, “आपसे निवेदन है कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। प्रदेश सरकार आपके यात्रा अनुभव को सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। किसी भी जानकारी और सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 1364 और 0135-1364 पर कॉल कर सकते हैं।”

इससे पहले सीएम पुष्कर धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”देवभूमि उत्तराखंड में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालुगण चारधाम यात्रा हेतु पधारते हैं, हमारी सरकार द्वारा यात्रा को सुगम, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने हेतु निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यह बेहतर हो रही व्यवस्थाओं का ही परिणाम है कि मात्र 9 दिनों में 4 लाख से अधिक श्रद्धालु चारों धामों में दर्शन कर चुके हैं।”

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.