टोक्यो ओलंपिक में शानदार प्रदर्शन करके भारतीयों का दिल जीतने वाली महिला भारतीय महिला हॉकी टीम का भोपाल में जोरदार स्वागत किया गया। सीएम शिवराज ने टीम की सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया और उन्हें 31-31 लाख रुपये सम्मान राशि के साथ ही स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री से शिवराज सिंह चौहान को भारतीय महिला हाकी टीम के सदस्यों ने एक टीशर्ट भेंट की। इस टी शर्ट पर सभी महिला खिलाडियों के हस्ताक्षर हैं।
टीम के सम्मान में भोज का आयोजन भी मध्यप्रदेश सरकार की तरफ से किया गया था जिसमें सीएम शिवराज ने टीम की खिलाड़ियों के साथ भोजन किया। इस दौरान सीएम शिवराज ने कहा कि देश के दिल मध्यप्रदेश में इन्हें सम्मानित कर हम अपना कर्तव्य पूरा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आगामी ओलम्पिक खेल में ये बेटियां गोल्ड मेडल जीत कर जरूर आएंगी।

मुख्यमंत्री निवास पर भारतीय महिला हॉकी टीम के सम्मान में दोपहर भोज दिया गया । भोज के बाद मुख्यमंत्री महिला हॉकी टीम के सभी खिलाड़ियों और कोच से मिले। सीएम ने कहा कि ओलम्पिक में भारत की महिला हॉकी टीम की सदस्यों ने बहादुरी और कौशल के साथ खेल प्रदर्शन किया। इससे अगली प्रतियोगिताओं में भारतीय महिला हॉकी टीम के और भी अच्छे परफार्मेंस की उम्मीद बढ़ी हैं।
सीएम शिवराज ने टीम की सभी सदस्यों को 31 लाख रुपए का चैक और सांची के स्तूप की प्रतिकृति स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया। खिलाड़ियों के साथ भारतीय टीम के कोच तुषार खाण्डेकर को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में खेल मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया, भारतीय ओलम्पिक संघ एवं एफ.आई.एच के अध्यक्ष डॉ. नरिंदर ध्रुव बत्रा भी मौजूद थे।
बता दें कि, टोक्यो ओलंपिक में महिला हॉकी टीम द्वारा शानदार प्रदर्शन किये जाने के बावजूद टीम जीत का तमगा लाने में असफल रही थी। महिला हॉकी टीम भले ही ओलंपिक में चौथे नंबर पर रही लेकिन, उनके प्रदर्शन की सभी ने तारीफ की है। उनके इसी प्रदर्शन को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ओलंपिक समापन के दौरान ही महिला हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित करने की घोषणा की थी। इसी तर्ज पर पूरी टीम को सीएम के आमंत्रण पर राजधानी भोपाल बुलाया गया था। सम्मान समारोह में भारतीय टीम की कैप्टन रानी रामपाल, उप कप्तान सविता, उप कप्तान दीप ग्रस एक्का, वंदना कटारिया, पी. सुशीला चानू, नवजोत कौर, नमिता टोप्पो, मोनिका, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, ई. रजनी, नवनीत कौर, नेहा, लालरेमसियामी, रीना खोखर, उदिता, सलीमा टेटे, शर्मिला देवी और निशा मौजूद हैं।