बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की अटकलों को लेकर मचे सियासी बवाल पर जनता दल (यूनाइटेड) ने पूरी तरह विराम लगा दिया है। जदयू नेता और बिहार के मंत्री संजय कुमार झा ने ट्विटर पर कहा कि नीतीश कुमार के पास बिहार की सेवा करने का जनादेश है और इसलिए वह कहीं नहीं जा रहे हैं। झा ने एक ट्वीट में कहा “मैं इस अफवाह से चकित हूं कि माननीय मुख्यमंत्री @NitishKumar राज्यसभा जाने पर विचार कर रहे हैं! यह शरारतपूर्ण है, और सच्चाई से बहुत दूर है। नीतीश कुमार के पास बिहार की सेवा करने का जनादेश है, और वे पूरे कार्यकाल के लिए मुख्यमंत्री के रूप में ऐसा करना जारी रखेंगे। वह कहीं नहीं जा रहे हैं!”

संजय कुमार झा ने लगाया अटकलों पर विराम
बताते चलें कि बिहार विधानसभा चुनाव 2020 में नीतीश कुमार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का चेहरा थे। नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बारे में अटकलें तब शुरू हुईं जब उन्होंने खुद कहा कि वह एक दिन राज्यसभा सदस्य के रूप में काम करना चाहते हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि “मैंने बिहार में लोकसभा, विधानसभा और विधान परिषद में सेवा की लेकिन राज्यसभा सदस्य के रूप में कभी सेवा नहीं की है। मेरी इच्छा है कि मैं एक दिन राज्यसभा सदस्य के रूप में सेवा करूं। लेकिन वर्तमान में मैं इसके बारे में नहीं सोचूंगा।”

BJP से होगा बिहार का अगला CM?
भाजपा के कई नेताओं ने यहां तक कह दिया कि अब मुख्यमंत्री राज्यसभा जाएंगें और भाजपा का कोई नेता मुख्यमंत्री बनेगा। इस बीच हालांकि गुरूवार को मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि उनकी कोई व्यक्तिगत इच्छा राज्यसभा जाने की नहीं है। वैसे, अब यह भी कहा जा रहा है कि मुख्यमंत्री कोई भी बयान ऐसे ही नहीं देते हैं। चर्चा है कि भाजपा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को उप राष्ट्रपति बनाने को सोच रही है। हालांकि एनडीए का कोई भी नेता इसकी पुष्टि नहीं कर रहा है।
बहरहाल, नीतीश कुमार के राज्यसभा का सदस्य अब तक नहीं बनने को लेकर दिए गए बयान के बाद बिहार की सियासत में चचोओं का बाजार गर्म है तथा तमाम तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। वैसे, कहा यह भी जा रहा है कि राजनीति में कुछ भी संभव है। इस कारण अब देखना होगा कि भविष्य में बिहार की राजनीति किस करवट बैठती है।
पूर्व CM राबड़ी देवी बोलीं- नीतीश को जाना चाहिए
नीतीश कुमार की राज्यसभा जाने कि अटकलों के बीच उनकी प्रतिद्वंद्वी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा कि बिहार की जनता चाहती है कि नीतीश कुमार चले जाएं। राबड़ी देवी ने कहा कि “उन्हें (नीतीश कुमार) जाना चाहिए। हर कोई चाहता है कि वह चले जाए (जाना ही चाहिए। सभी लोग चाहेंगे की वे चले जाएं)।” बता दें कि 2020 के विधानसभा चुनावों में जदयू सिर्फ 45 सीटें जीतने में सफल रही, इसके बावजूद वह नीतीश कुमार के लिए सीएम सीट बरकरार रखने के लिए सौदेबाजी कर सकती थी।