एक्टर रजनीकांत की बेटी ऐश्वर्या रजनीकांत से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आ रही है। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो, ऐश्वर्या रजनीकांत के घर से उनका 60 तोला सोना चोरी हो गया है। जिसकी कीमत लाखों में है। वहीं, अब ऐश्वर्या ने पुलिस स्टेशन में इस चोरी की शिकायत दर्ज करवा दी है। उन्होंने अपनी एफआईआर में इस बात की जानकारी दी है कि उनके लॉकर से हीरे और सोने के गहने गायब हैं।
ऐश्वर्या रजनीकांत ने बताया कि चोरी हुए गहनों में डायमंड सेट, पुरानी सोने की ज्वैलरी, नवरत्न सेट, हार और चूड़ियां शामिल हैं। फिल्ममेकर की इस शिकायत के बाद आईपीसी की धारा 381 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस ने जांच भी शुरू कर दी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ऐश्वर्या ने आखिरी बार इन गहनों का इस्तेमाल साल 2019 में अपनी बहन सौंदर्या की शादी में किया था। इसके बाद उन्होंने इन गहनों को अपने लॉकर में रख दिया। हालांकि, इस साल 10 फरवरी के दिन जब उन्होंने अपना लॉकर खोला, तो उन्हें अपने गहने नहीं मिले। इसके बाद ऐश्वर्या ने अपनी एफआईआर में 3 लोगों पर चोरी का शक जताया है।
ऐश्वर्या ने रिवील किया, साल 2021 से अब तक इस लॉकर को 3 जगहों पर शिफ्ट किया है। 21 अगस्त 2021 के दिन इस लॉकर को बाकी सामान के साथ उनके पति धनुष के फ्लैट में ले जाया गया था। हालांकि, सितंबर 2021 में इस लॉकर को चेन्नई के उनके अपार्टमेंट में शिफ्ट कर दिया गया था। फिर अप्रैल 2022 में इस लॉकर को शिफ्ट किया गया।
ऐश्वर्या ने बताया कि लगभग 60 तोला सोना चोरी हो गया है जिसकी कीमत 3.6 लाख होगी। वहीं, अपनी शिकायत में, ऐश्वर्या ने अपनी नौकरानी ईश्वरी, लक्ष्मी और अपने ड्राइवर वेंकट पर शक जताया है।