दिल्ली: मंगोलपुरी से बेरंग लौटा बुलडोजर... रद्द हुआ अतिक्रमण विरोधी अभियान, जानें क्या है वजह - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

दिल्ली: मंगोलपुरी से बेरंग लौटा बुलडोजर… रद्द हुआ अतिक्रमण विरोधी अभियान, जानें क्या है वजह

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में चलाया जाने वाला अतिक्रमण रोधी अभियान शुक्रवार को पर्याप्त पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण रद्द कर दिया गया।

उत्तर पश्चिमी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में चलाया जाने वाला अतिक्रमण रोधी अभियान शुक्रवार को पर्याप्त पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण रद्द कर दिया गया। नगर निकाय अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) के एक अधिकारी के मुताबिक मंगोलपुरी के कटरान बाजार इलाके में सड़कों और सरकारी ज़मीन से अस्थायी और स्थायी अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाना था।
पुलिस की कमी के चलते रद्द हुआ अतिक्रमण विरोधी अभियान 
अधिकारी ने बताया ”मंगोलपुरी के कटरान बाजार के आसपास के इलाके में शुक्रवार को अतिक्रमण रोधी अभियान चलाया जाना था, लेकिन पर्याप्त पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण इसे रद्द कर दिया गया।” एनडीएमसी ने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की अनुपलब्धता के कारण बुधवार और गुरुवार को सुल्तानपुरी के मछली बाजार और जगदंबा बाजार में अतिक्रमण रोधी अभियान रद्द कर दिया गया था। गौरतलब है कि पिछले महीने दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) को इसी कारण से जसोला-सरिता विहार में अभियान रद्द करना पड़ा था।
जानें अब तक कहां-कहां चला है बुलडोजर 
शाहीन बाग, जहांगीरपुरी, मदनपुर खादर, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी, मंगोलपुरी, रोहिणी, गोकुलपुरी, लोधी कॉलोनी, जनकपुरी सहित राष्ट्रीय राजधानी के विभिन्न हिस्सों में पिछले एक महीने में तीनों नगर निगमों द्वारा अतिक्रमण रोधी अभियान चलाए गए हैं। हिंसा प्रभावित जहांगीरपुरी इलाके में अतिक्रमण रोधी अभियान के दौरान ढांचों को बुलडोजर से गिराए जाने के बाद एनडीएमसी पिछले महीने नागरिक अधिकार समूहों और विपक्षी दलों के निशाने पर आ गई थी। सुप्रीम कोर्ट के दखल के बाद इस अभियान को रोक दिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

3 × 2 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।