राष्ट्रीय राजधानी से सटे गाजियाबाद में एक महिला के साथ दरिंदगी की वारदात सामने आई है। दिल्ली की रहने वाली 40 वर्षीय महिला के साथ पांच लोगों ने गैंगरेप किया। सामूहिक दुष्कर्म को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़िता को सड़क पर फेंककर भाग गए। सभी आरोपियों में से 4 को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और आरोपियों के बीच संपत्ति को लेकर विवाद है।
गाजियाबाद पुलिस के मुताबिक, 18 अक्टूबर को, नंदग्राम (यूपी) पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला आश्रम रोड के पास पड़ी है। पुलिस उसे अस्पताल ले गई। पूछताछ में महिला ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली की रहने वाली है और नंदग्राम में अपने भाई के घर उसका जन्मदिन मनाने आई थी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने बताया कि उसके भाई द्वारा उसे वापस छोड़ने के बाद, 5 लोग – जो उसे जानते थे – उसे ले गए और उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। पुलिस ने महिला के भाई की शिकायत पर FIR दर्ज कर ली है और 4 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस के मुताबिक महिला ने जिन लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है, उनके साथ महिला का प्रॉपर्टी को लेकर पहले से विवाद चल रहा है, जिसको लेकर कोर्ट में सिविल केस भी चल रहा है। पीड़ित महिला का जीटीबी अस्पताल में इलाज़ जारी है। दिल्ली महिला आयोग ने मामले में संज्ञान लेते हुए गाजियाबाद प्रशासन से महिला के साथ हुई हैवानियत पर जानकारी मांगी है।
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने ट्वीट करके कहा, ‘दिल्ली की लड़की गाजियाबाद से रात में वापस आ रही थी, जब उसे ज़बरन गाड़ी में उठा ले गए, महिला के साथ 5 लोगों ने 2 दिन तक बलात्कार किया और उसके गुप्तांगों में रॉड घुसाई, सड़क किनारे बोरी में मिली, तब भी रॉड उसके अंदर थी। अस्पताल में ज़िंदगी के लिए लड़ रही है। SSP ग़ाज़ियाबाद को नोटिस इशू किया है!
स्वाति मालीवाल के आरोपों से पुलिस का इनकार
स्वाति मालीवाल के इन आरोपों पर गाजियाबाद पुलिस ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए महिला के प्राइवेट पार्ट में रॉड डालने और बोरे में बंद करने की बात इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि टंग क्लीनर मिला है और नंदग्राम थाने मे मामला दर्ज किया है, आरोपियों को हिरासत में लेकर मामले की पूरी जांच की जा रही है।