दिल्ली के शाहदरा जिले के गांधी नगर इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां अपने ही रूममेट की एक लड़के ने बस एक शक की बुनियाद पर हत्या कर दी। 20 साल के आरोपी रोहित ने बस इस शक पर 22 साल के शिवनाथ का गला काट दिया कि वो उसकी जासूसी करता है। इस घटना ने पूरे इलाके में कोहराम मचा दिया है।

दोनों ही बिहार के सीतामढ़ी जिला के एक ही गांव में रहने वाले थे, पुलिस ने आरोपी रोहित को हिरासत में ले लिया है।शिवनाथ यहां सिलाई की फैक्ट्री में काम करने आया था, जहां रोहित जॉब कर रहा था। गांधी नगर पुलिस को बुधवार देर रात 1:36 बजे कमरे में गला रेतकर हत्या होने की खबर मिली थी।

पुलिस को कमरे में शिवनाथ का शव पड़ा मिला। लोगों ने आरोपी रोहित को पकड़ा हुआ था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सब्जी मंडी मॉर्च्युरी भेजा। पुलिस ने इस मामले में रोहित को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस की पूछताछ के दौरान रोहित ने बताया कि उसका अपने गांव की दूसरी जाति की लड़की से अफेयर है। दोनों के घरवाले राजी के लिए राजी नहीं हैं। तीन दिन पहले शिवनाथ गांव से रोहित के कमरे में आया था।

रोहित को शक था कि गर्लफ्रेंड के घरवालों ने उसे जासूसी करने भेजा है, ताकि वो पता लगा सकें कि वो उनकी बेटी से फोन पर बात करते हैं या नहीं। बुधवार रात कहासुनी के बाद रोहित ने गुस्से में शिवनाथ का गला काट दिया। पुलिस ने मृतक शिवनाथ के घरवालों को उसकी मौत की सूचना दे दी है। शिवनाथ के परिवार में माता-पिता, तीन भाई और दो बहनें हैं।

पुलिस ने घटना स्थल से हथियार बरामद कर लिया है, घटना की जांच की जा रही है। इस मामले में शाहदरा डीसीपी रोहित मीणा ने बताया कि रोहित और शिवनाथ के साथ रूम में कुछ और लड़के भी रहते थे। बाकि रूममेट्स ने इस घटना की जानकारी मकान मालिक को दी थी। पुलिस का कहना है कि धारदार हथियार से गला इस कदर काटा गया, जिससे सिर धड़ से लगभग अलग ही हो गया।