हरियाणा के पंचकूला में गुरुवार को एक ही परिवार के नौ सदस्यों में कोरोना वायरस (कोविड-19) की पुष्टि हुई है, इसके साथ ही वहां संक्रमितों की संख्या 14 हो गई है। राज्य में अब तक 213 लोग संक्रमित हुए है। वहीं 61 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दे दी गई है।
अधिकारियों ने बताया कि पंचकूला के सेक्टर 15 में दो मकानों में रहने वाले 44 वर्षीय एक महिला, उसके पति और परिवार के सात अन्य सदस्य कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। पंचकूला के उपायुक्त मुकेश कुमार आहूजा ने पत्रकारों को बताया कि परिवार के कुछ सदस्यों ने 18 मार्च को पठानकोट की यात्रा की थी।
हरियाणा : कोरोना के 23 नए मामलों की पुष्टि के बाद संक्रमितों की संख्या बढ़कर 213 हुई
उन्होंने बताया कि महिला में 6 अप्रैल को कुछ लक्षण सामने आए थे जिसके बाद उन्हें पंचकूला के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। इसके बाद 12 अप्रैल को महिला पंचकूला सिविल अस्पताल गई जहां उसके नमूने लिए गए और वह इस वायरस से संक्रमित पाई गई।
उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला के परिवार के अन्य सदस्यों की भी जांच की गई तथा आठ और सदस्य संक्रमित पाए गए। इन नौ मामलों को मिलाकर पंचकूला में इस महामारी के मामलों की संख्या 14 हो गई है। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने नियमित बुलेटिन में बताया कि राज्य में कुल मामलों में से 149 लोगों का अभी इलाज चल रहा है जबकि 61 लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है।