पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह को अस्थ्वस्थ होने की वजह से कल (बुधवार) शाम को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। पार्टी के एक सूत्र ने बताया, ‘‘दो दिन पहले उन्हें बुखार आया था। बुखार उतरने के बाद वह कमजोरी महसूस कर रहे थे। आज चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें एम्स भर्ती कराया गया है। पूर्व प्रधानमंत्री का इलाज न्यूरो के डॉक्टर अचल श्रीवास्तव और दिल के डॉक्टर नीतीश नायक इलाज कर रहे हैं। फिलहाल उनकी तबीयत स्थिर है।

मनसुख मंडाविया पूर्व पीएम का हाल जानने के लिए पहुंचे एम्स
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया पूर्व पीएम का हाल जानने के लिए एम्स हॉस्पिटल पहुंचे। इसी साल अप्रैल में मनमोहन सिंह कोरोना से संक्रमित भी हुए थे और एम्स में कुछ दिनों तक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी मिली थी। पूर्व प्रधानमंत्री ने चार मार्च और तीन अप्रैल को कोरोना के टीकों की दो खुराक ली थी।
पिछले साल रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह एम्स में हुए थे भर्ती
पिछले साल एक नई दवा के कारण रिएक्शन और बुखार होने के बाद भी मनमोहन सिंह को एम्स में भर्ती कराया गया था। कई दिनों के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी मिली थी। मनमोहन सिंह कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और फिलहाल राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 तक देश के प्रधानमंत्री रहे। एम्स में 2009 में उनकी हृदय बाईपास सर्जरी हुई थी।