मोदी-शाह ने किया विकास को पागल, इसे पागलखाने से बाहर लाएगी कांग्रेस : राहुल गांधी - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

मोदी-शाह ने किया विकास को पागल, इसे पागलखाने से बाहर लाएगी कांग्रेस : राहुल गांधी

NULL

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने गुजरात दौरे के अंतिम दिन भी सत्तारूढ भाजपा के खिलाफ आक्रामक तेवर जारी रखते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ने राज्य में विकास को पागल कर दिया है जिसे उनकी पार्टी विधानसभा चुनाव में जीत के बाद पागलखाने से बाहर लायेगी।

modi shah

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि गुजरात में भाजपा ऊपर से शांत बनी है पर असल में इसके पैर के नीचे से जमीन खिसक गयी है क्योंकि मोदी जी की छवि पर भरोसा जताने वाली जनता अब उनकी सच्चाई समझ गयी है। उन्होंने शाह के बेटे जय शाह की कंपनी के मामले को फिर उठाते हुए आरोप लगाया कि इससे  मोदी और शाह को पूरा फायदा हुआ है और दोनो के अच्छे दिन आ गये हैं।

राहुल ने इस साल दिसंबर में राज्य में होने वाले चुनाव के मद्देनजर अपनी नवसर्जन गुजरात यात्रा के तीन दिवसीय दूसरे चरण के अंतिम दिन आज दाहोद जिले के आदिवासी बहुल देवगढ बारिया में एक सभा में कहा कि गुजरात में 5 से 10 लाख चंदा देकर कॉलेज में प्रवेश लेने वाले छात्रों को पढ़ने के बाद नौकरी नहीं मिलती। ऐसी शिक्षा प्रणाली का क्या मतलब। चंदे की रकम 5-10 उद्योगपति ले जाते हैं। सरकार कहती है नौकरी नहीं है। ये उद्योगपति 1000 करोड के घर में रहते हैं और बडी बडी गाड़ियों में चलते हैं। गुजरात में 30 लाख बेरोजगार युवा हैं।

Rahul Gandhi

उन्होंने नोटबंदी को लेकर भी नरेंद्र मोदी पर प्रहार किया और कहा कि इससे नकदी के जरिये काम करने वाले छोटे व्यापारी तबाह हो गये। जनता चोर बन गयी जबकि असली चोरो ने काले धन को सफेद कर लिया। इसके बाद आधी रात को जीएसटी लागू कर रही सही कसर भी पूरी कर दी गयी। जीडीपी की वृद्धि दर 4.2 प्रतिशत तक गिर गयी है। पूरे देश में आग लग गयी है और इस आग के बीच से अमित शाह के बेटे की कंपनी चमकती हुई निकली। इसे 2014 में मोदी जी की सरकार बनने के बाद महीनो में जबरदस्त फायदा हुआ फिर इसे बंद कर दिया गया। मोदी जी खुद को चौकीदार बताते थे पर क्या वह इसमें भागीदार नहीं हैं। इसका पूरा का पूरा फायदा उन्हें और शाह को हुआ और उनके अच्छे दिन आ गये।

कांग्रेस नेता ने महंगाई का मुद्दा भी उठाया और कहा कि दुनिया भर में कच्चे तेल की गिरती कीमत के बावजूद भारत में पेट्रोल के दाम बढते जा रहे हैं। सब्जी, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा सब महंगी ही हुई है। जबकि मोदी जी महंगाई कम करने की बात करते थे। उन्होंने आदवासियों से भी झूठे वादे किये। वर्ष 2007 में 15 हजार करोड और 2012 में 40 हजार करोड आदिवासी विकास के लिए देने की बात कही थी। इन्हें घर, रोजगार, बिजली और अन्य सुविधाएं देने की बात की थी पर क्या हुआ।

narendra modi

राहुल गांधी ने कहा कि गुजरात में अब बदलाव का समय आ गया है। भाजपा में ऊपर से शांति दिख रही है पर नीचे से जमीन खिसक गयी है। नरेंद्र मोदी जी की जो छवि थी जिस पर पूरे गुजरात ने भरोसा किया था उसकी सच्चाई लोग समझ गये हैं। कुछ ही महीने में यहां चुनाव होंगे, नयी सरकार बनेगी। वह सरकार प्रधानमत्री की तरह मन की बात नहीं करेगी जनता के मन की बात सुनेगी और उसके हिसाब से काम करेगी। गुजरात में मोदी जी का मॉडल चुने हुए उद्योगपतियों के लिए है। इसकी जगह कांग्रेस की सरकार पूर्व में पूरे देश को रास्ता दिखाने वाले गुजरात जिसने महात्मा गांधी, सरदार पटेल, श्वेत क्रांति जैसी चीजे देश को दी हैं का मॉडल लाकर फिर से देश को रास्ता दिखायेगी।

उन्होंने कहा कि यहां विकास को जो पागल कर दिया है उसे पागलखाने से बाहर लाना पडेगा और उसे ठीक करना पडेगा। कांग्रेस ऐसा करेगी। राहुल ने दोहराया कि कांग्रेस की सरकार बनते ही राज्य में किसानों का कर्ज माफ कर दिया जायेगा। राहुल गांधी ने इससे पहले स्थानीय आदिवासियों के साथ नृत्य भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 + 20 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।