प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को प्रसिद्ध हिंदी और मराठी अभिनेत्री सुलोचना लाटकर के निधन पर शोक व्यक्त किया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट करके कहा कि सुलोचना जी के निधन से भारतीय सिनेमा में एक बड़ा खालीपन पैदा हो गया है। उनके अविस्मरणीय प्रदर्शन ने हमारी संस्कृति को समृद्ध किया और उन्हें कई पीढ़ियों के लोगों का प्रिय बना दिया। उनके अभिनय के माध्यम से उनकी सिनेमाई विरासत जीवित रहेगी। उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।’’

उल्लेखनीय है कि पद्मश्री और महाराष्ट्र भूषण पुरस्कार से सम्मानित 94 वर्षीय सुलोचना दीदी का दादर के एक निजी अस्पताल में आज निधन हो गया। आपको बता दे कि हाल में ही उन्हें तबीयत बिगड़ने के बाद दादर के सुश्रुषा अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पद्मश्री से सम्मानित सुलोचना को सिर्फ हिंदी ही नहीं बल्कि मराठी सिनेमा में दिए गए योगदान की वजह से भी याद किया जाता रहा है।
खबरों के मुताबिक , एक्ट्रेस की बेटी ने बताया सांस लेने में तकलीफ और उम्र से संबंधित समस्याओं की वजह से उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शनिवार 3 जून को उनकी सेहत बिगड़ने लगी थी। उन्हें वेंटिलेटर पर लगातार ऑक्सीजन दी जा रही थी। लेकिन वे मौत से जंग हार गईं। खबरों के अनुसार , बताया जा रहा है कि एक्ट्रेस का अंतिम संस्कार कल 5 जून को दादर क्रिमेशन ग्राउंड पर होगा।