TOP 5 NEWS FEBRUARY : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

TOP 5 NEWS 06 FEBRUARY : आज की 5 सबसे बड़ी खबरें

गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के बाद अब किसान आंदोलन को और धार देने के लिए संगठनों ने आज देशव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है।

1 – CORONA VACCINE : मार्च से आम लोगों को लगने लगेगी वैक्सीन
टीकाकरण के पहले चरण मे पूरे देश में हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाया गया। इसके बाद अब फ्रंट लाइन वॉरियर्स को टीका लगाया जा रहा है जिसमें पुलिस कर्मी, सुरक्षा बलों के लोग शामिल हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने संसद में कहा कि मार्च के महीने में आम लोगों को टीका लगना शुरू हो जाएगा। इस चरण 50 साल से ऊपर के लोगों को कोरोना का टीका लगेगा। उन्होंने इस बात की पुष्टि की है कि टीकाकरण की टाइमलाइन को भी बढ़ाना पड़ेगा जो अब तक सिर्फ 50 लाख लोगों का टीकाकरण करने के लिए सीमित है। उन्होंने कहा, “पहले और दूसरे चरण के पूरा होने के बाद, तीसरा चरण शुरू होगा जिसमें 50 साल से ऊपर के सभी लोगों को टीका लगाया जाएगा। बता दें कि वैक्सीनेशन के इस चरण में 50 साल से ज्यादा उम्र को उन लोगों को टीका लगेगा जिन्हें कोरोना वायरस के जोखिम खतरा अधिक है। 
2 – FARMER’S PROTEST : किसानों का देशव्यापी चक्का जाम आज, दिल्ली-NCR में सुरक्षा कड़ी
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के बाद अब किसान आंदोलन को और धार देने के लिए संगठनों ने आज देशव्यापी चक्का जाम का ऐलान किया है। किसानों के इस चक्का जाम को कांग्रेस समेत कई पार्टियों का समर्थन प्राप्त है। हालांकि, चक्का जाम का असर राजधानी दिल्ली में नहीं होगा। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा है कि दिल्ली, उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में आज यानी शनिवार को चक्का जाम नहीं होगा। किसान देश के अन्य हिस्सों में शांतिपूर्ण तरीके से तीन घंटे के लिए राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों को बाधित करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा (एसकेएम) ने कहा कि ‘चक्का जाम’ के दौरान एंबुलेंस और स्कूल बस जैसी आवश्यक सेवाओं को नहीं रोका जाएगा। ‘चक्का जाम’ शनिवार को दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक किये जाने का प्रस्ताव है। भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा कि शनिवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में चक्का जाम नहीं होगा। 
3 – YELLOW ALERT : बिहार में येलो अलर्ट जारी, गरज के साथ कई जगहों पर बारिश के आसार 
बिहार में कई जगहों पर धूप खिली है तो कई जगहों पर बादलों की लुकाछिपी जारी है। बदल रहे मौसम में राज्य के कई हिस्सों में गरज तड़क के साथ बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर ओले गिर सकते हैं। पटना में भी आंशिक बादल छाये रहेंगे। मौसम विज्ञान केंद्र पटना ने इस बाबत येलो अलर्ट जारी किया है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा ने कहा कि शुक्रवार की शाम में मौसम में बदलाव का असर चंपारण के इलाके में दिखने लगा है। आंधी-पानी और गरज तड़क की स्थिति रहेगी। उत्तर पश्चिमी बिहार, उत्तर मध्य बिहार और उत्तर पूर्व बिहार में इसका असर ज्यादा दिखेगा। राज्य के बाकी हिस्सों में भी तेज हवा के साथ आंशिक बारिश हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक पूर्वी उत्तरप्रदेश व उसके आसपास प्रति चक्रवात की स्थिति है। 
4 – अयोध्या : राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा जुटाने पर कांग्रेस में मतभेद
पार्टी के कई नेता जहां राम मंदिर के निर्माण के लिए पैसे दे रहे हैं, वहीं कई नेता इस पर सवाल उठा रहे हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने राजस्थान में पार्टी के छात्र संगठन एनएसयूआई की तरफ से चंदा इकट्ठा करने की मुहिम पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि यह पार्टी के अंदर कोर मुद्दों पर संवाद की जरूरत को उजागर करता है। मनीष तिवारी ने ट्वीट कर कहा कि राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा करना एक बार फिर कोर मुद्दों पर कांग्रेस के अंदर संवाद की जरूरत को उजागर करता है। कांग्रेस एक धर्मनिरपेक्ष पार्टी है। क्या सेक्युलर का मतलब चर्च और सरकार को अलग करना है या सर्वधर्म संभाव का पालन करना है? दरअसल, राजस्थान एनएसयूआई के राम मंदिर के लिए चंदा इकट्ठा करने को लेकर पार्टी में कई नेता पहले ही अंदरूनी तौर पर सवाल उठा चुके हैं। 
5 – बिहार : कोरोना वैक्सीनेशन का दूसरा चरण आज से शुरू
केंद्र सरकार के निर्देश के अनुसार पहले चरण में स्वास्थ्यकर्मियों के टीकाकरण पूरे होने के पूर्व ही दूसरे चरण का टीकाकरण शुरू करने का निर्णय लिया गया है। दूसरे चरण में फ्रंट लाइन वर्कर का टीकाकरण किया जाएगा। इसमें पुलिस, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ, होमगार्ड कर्मी, नगर निगम कर्मी, सैनिक, रेलवे, स्वास्थ्य शोध, ऊर्जा, मानव संसाधन आदि विभागों के कर्मियों का टीका लगेगा। स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने बताया कि राज्य में सात फरवरी तक दूसरे चरण के कोरोना टीकाकरण के लिए निबंधन होगा। राज्य में अबतक 1 लाख 99 हजार फ्रंटलाइन वर्कर का निबंधन दूसरे चरण के कोरोना टीकाकरण को लेकर किया गया है। इस संख्या में अभी बढ़ोतरी होगी। 
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

fourteen + five =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।