मध्यप्रदेश के गंजबासौदा में 40 लोग कुएं में गिरे, कई लोगों के मरने की आशंका - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

मध्यप्रदेश के गंजबासौदा में 40 लोग कुएं में गिरे, कई लोगों के मरने की आशंका

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। गुरुवार 15 जुलाई की देर शाम ज़िले के गंजबासौदा थाना क्षेत्र के एक गांव में कई लोग कुएं में गिर गए।

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से एक बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। गुरुवार 15 जुलाई की देर शाम ज़िले के गंजबासौदा थाना क्षेत्र के एक गांव में कई लोग कुएं में गिर गए। दरअसल, कुएं में एक बच्चे के गिरने की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण कुएं के पास इकट्ठा हो गए थे। उनमें से कई बच्चे को निकालने के लिए कुएं की छत पर चढ़ गए। लोगों की संख्या अधिक होने के कारण कुएं की छत भरभरा कर गिर गई।
1626369262 tew
पंजाब केसरी को मिली जानकारी के मुताबिक, करीब 15 से 40 लोगों के कुएं में गिरने की आशंका जताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, कुएं पर लोहे की गाडर डालकर सीमेंट की छत डाली हुई थी। गुरुवार की रात पानी भरने के लिए गया एक बच्चा कुएं में गिर गया था। उसी को बचाने गांव वाले कुएं के पास इकट्ठा हो गए। उनमें से करीब 50 लोग कुएं की छत पर पहुंच गए, जिस कारण ये हादसा हुआ। घटना को लेकर आ रही जानकारी के मुताबिक, इस कुएं में सिर्फ बीच का हिस्सा खुला रहता था। 
बच्चे को खोजने पहुंचे लोग गाडर की इस छत पर चढ़ गए। भीड़ के दबाव के कारण दोनों तरफ की छत कुएं में गिर गई। इसके चलते छत पर खड़े लोग भी कुएं में जा गिरे। हादसे की खबर मिलने के बाद एसडीआरएफ की टीम बचावकार्य के लिए घटनास्थल रवाना हो गई है. वहीं, जिले के आला पुलिस अधिकारी भी रवाना हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार ये कुआं करीब 30 फीट गहरा बताया जा रहा है। बताया गया है कि हादसे के समय इसमें करीब 20 फीट तक पानी भरा हुआ था। घटना को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान भी सक्रिया दिखे। 
उन्होंने ट्वीट कर मामले पर नजर रखने की बात कही है। श्री चौहान ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए कि घायलों का तत्काल इलाज कराया जाए। उन्होंने इस दुर्घटना के लिए शोक व्यक्त किया और घटना को दुखद बताया। ग्रामीणों के मुताबिक, कुएं में कितने लोग गिरे हैं इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है. अभी तक दो लोगों को कुएं से बाहर निकाला गया है। बेहोशी की हालत में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है. बचाव कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

seventeen + three =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।