मध्य प्रदेश के इंदौर शहर से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर हर कोई दंग रह जाएगा। इंदौर में बेचलर ऑफ आर्ट (BA) फर्स्ट ईयर में फेल होने के बाद 17 साल की छात्रा ने कुछ ऐसा कर दिया है जिसके बारे में किसी ने सपने में भी नहीं सोचा होगा। बीए में फेल होने के बाद महज 17 साल की लड़की ने अपने घरवालों को फोन पर ऐसी कहानी सुनाई जिसे सुनकर दो दिन तक घरवालों की नींद उड़ गई।

दरअसल, बेचलर ऑफ आर्ट (BA) फर्स्ट ईयर में फेल होने के बाद लड़की ने परिवारवालों को गुस्से से बचने के लिए खुद की ही किडनैपिंग की कहानी रच डाली। फेल होने के बाद छात्रा इंदौर से उज्जैन घूमने निकल गई। वहीं, परिवारवालों को अपने किडनैप होने की कहानी सुना डाली। मगर लड़की का ये झूठ ज्यादा टाइम तक नहीं ठिक पाया। पुलिस ने जब मामले की जांच शुरु की तो लड़की सारी पोल खोल गई।

बाणगंगा क्षेत्र के पुलिस थाना प्रभारी ने बताया, शुक्रवार रात को लड़की के पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी का किडनैप हो गया है। पिता ने बताया था कि बेटी कोचिंग के लिए गई थी। लेकिन देर रात तक वो घर नहीं लौटी। पिता की पूरी बात सुनने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरु कर दी। पुलिस ने बताया कि उस लड़की ने अपनी किडनैपिंग की झूठी साजिश रची थी।

दरअसल, शुक्रवार को उज्जैन जाने के बाद अगले दिन शनिवार को लड़की ने अपने पिता को फोन कर बताया कि उसका किडनैप हुआ है और वो उसे आकर बचाकर ले जाए। बेटी का फोन आने के बाद उसके पिता ने पुलिस को इस बारे में बताया था। इसके बाद पुलिस लोकेशन ट्रैस करके उज्जैन पहुंची और उसे वहां से ढूंढ निकाला।

पुलिस ने जब लड़की से किडनैपिंग को लेकर सवाल जवाब किया तो पहले तो उसने बताया कि जब वो रिक्शे से घर जा रही थी तभी रिक्शे चालक उसे बेहोश कर दिया। उसके बाद जब उसे होश आया तो वो खेत में थी। पुलिस का लड़की की बात पर शक हुआ तो उन्होंने उससे सख्ती से पूछा तो उसने सब सच-सच बता दिया। उसने कहा फेल होने के बाद वो घर जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाई थी।

फेल होने के बाद डर की वजह से वो अपने घर जाने की बजाय वो उज्जैन चली गई थी। जहां उसने महाकाल मंदिर में बाबा महाकाल के दर्शन किए। पुलिस को उसके बैग से उज्जैन का बस टिकट भी मिला है। लड़की की सारी बात सुनने के बाद पुलिस ने थोड़ी देर काउंसलिंग कर लड़की को उसके परिवार के हवाले कर दिया।