BJP के पूर्व मंत्री जारकिहोली ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को किया खारिज, वीडियो को बताया फर्जी - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

BJP के पूर्व मंत्री जारकिहोली ने यौन उत्पीड़न के आरोपों को किया खारिज, वीडियो को बताया फर्जी

भाजपा विधायक रमेश जारकिहोली ने खुद पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि जिस वीडियो में कथित तौर पर उन्हें एक महिला के साथ दिखाया गया, वह फर्जी है।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक रमेश जारकिहोली ने खुद पर लगे यौन उत्पीड़न के आरोपों को खारिज करते हुए मंगलवार को कहा कि जिस वीडियो में कथित तौर पर उन्हें एक महिला के साथ दिखाया गया, वह फर्जी है। साथ ही उन्होंने ‘‘षड्यंत्रकारियों’’ को जेल भेजने का भी संकल्प जताया। जारकिहोली ने ‘सेक्स-फॉर-जॉब’ के आरोप लगने के बाद 3 मार्च को मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था।
उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं निर्दोष हूं। यह सीडी 100 फीसदी फर्जी है। इसमें कोई शक नहीं है।’’ गोकाक से विधायक ने यह दावा सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश कल्लाहल्ली के उनके खिलाफ पुलिस शिकायत वापस लेने के 2 दिन बाद किया है।सामाजिक कार्यकर्ता ने आरोप लगाया था कि विधायक ने नौकरी मांगने वाली एक लड़की का यौन उत्पीड़न किया और उसे तथा उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। कर्नाटक के गृह मंत्री बसवराज बोम्मई ने विधायक के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए संवाददाताओं से कहा कि उनके खिलाफ पहले ही मामला दर्ज हो गया है और सरकार कानून के अनुरूप कार्रवाई करेगी।
अपने खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगने के बाद जारकिहोली ने 3 मार्च को कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया था। किसी अज्ञात महिला के साथ अंतरंग होने के कथित वीडियो क्लिप के सामने आने के एक दिन बाद जारकिहोली ने इस्तीफा दिया था। कन्नड़ समाचार चैनलों ने ‘सेक्स फॉर जॉब’ मामला बताते हुए इस क्लिप का प्रसारण किया था। जारकिहोली ने आरोप लगाया था कि इस पूरी साजिश के पीछे एक ‘‘बड़े नेता’’ का हाथ है, लेकिन उन्होंने उसका नाम नहीं बताया।
जारकिहोली ने भावुक होते हुए कहा कि इससे उनके परिवार के सम्मान को ठेस पहुंची है और साथ ही उन्होंने षड्यंत्रकारियों को जेल पहुंचाने का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा, ‘‘मैं उन्हें नहीं बख्शूंगा।’’ गोकाक से विधायक जारकिहोली पहले कांग्रेस में थे। राज्य में कांग्रेस-जद(एस) सरकार को गिराने और भाजपा की सरकार बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

1 × four =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।