हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की चपेट में आने से एक की मौत, वाहनों की आवाजाही बाधित - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

हिमाचल प्रदेश: भूस्खलन की चपेट में आने से एक की मौत, वाहनों की आवाजाही बाधित

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि लाहौल में रविवार को हिमस्खलन हुआ।

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भूस्खलन से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि लाहौल में रविवार को हिमस्खलन हुआ। इस दौरान प्रदेश में दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 19 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई। राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र के अनुसार चंबा के सलूणी क्षेत्र के चमदेउ गांव में भूस्खलन में देवी प्रसाद नामक व्यक्ति की मौत हो गई और उनका शव बरामद कर लिया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनजातीय लाहौल एवं स्पीति जिले के गोंडला इलाके में शूलिंग गांव के सामने पहाड़ पर रविवार सुबह हिमस्खलन हुआ। उन्होंने बताया कि हिमस्खलन में जान-माल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।
बारिश के कारण पहाड़ से गिर रहे है पत्थर 
उन्होंने बताया कि हिमस्खलन के वीडियो भी सोशल मीडिया पर लोगों द्वारा साझा किए जा रहे हैं। एक अन्य घटना में कुल्लू जिले के जिंदौद गांव के पास शनिवार को रुक-रुक कर हो रही बारिश के बाद पहाड़ी से पत्थर गिर गए। राज्य में खराब मौसम के कारण दो राष्ट्रीय राजमार्गों सहित 19 सड़कों को वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है। किन्नौर तथा लाहौल एवं स्पीति जिलों में ऊंचाई वाले जनजातीय क्षेत्रों और अन्य ऊंचाई वाले स्थानों पर हल्की बर्फबारी हुई।
1680436941 dcvbgfbh
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट 
राज्य के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी है। धौलाकुआं में 25.5 मिलीमीटर, जुब्बड़हट्टी में 25 मिलीमीटर, शिमला और सोलन में 22-22 मिलीमीटर, बिलासपुर में 21 मिलीमीटर, नाहन और पांवटा साहिब में 15-15 मिलीमीटर, बर्थिन में 14.5 मिलीमीटर और सुंदरनगर में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने तीन और चार अप्रैल को आंधी-तूफान और बिजली गिरने की ‘येलो’ सतर्कता जारी की है क्योंकि रविवार रात से एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ के उत्तर पश्चिम भारत को प्रभावित करने की संभावना है। इसने सात अप्रैल तक क्षेत्र में बारिश की भी भविष्यवाणी की। मौसम विभाग ने खड़ी फसलों को होने वाले नुकसान के प्रति भी आगाह किया था और सेब की फसलों को बचाने के लिए ओला रोधी जाल के इस्तेमाल या ओला रोधी उपकरण लगाने की सलाह दी थी।
1680437007 vfgfbn

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

16 + 1 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।