हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): उत्तराखंड प्रदेश के पुष्कर सिंह धामी ने बृहस्पतिवार को पतंजलि योगपीठ में मोरारी बापू के सान्निध्य में मानस गुरूकुल विषय पर आयोजित श्रीराम कथा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री धामी, योग गुरू स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के स्वामी चिदानन्द मुनि, आचार्य बालकृष्ण, रूड़की विधायक प्रदीप बत्रा, रानीपुर विधायक आदेश चौहान, पूर्व कैबिनेट मंत्री यतीश्वरानन्द, भाजपा जिला अध्यक्ष डा. जयपाल सिंह चौहान आदि ने ध्यान मग्न होकर श्रीराम कथा का श्रवण किया। कथा विश्राम के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आरती की तथा परम पूज्य मोरारी बापू से शिष्टाचार भेंट की एवं परम पूज्य मोरारी बापू एवं सन्तों का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखण्ड की जनता की ओर से मोरारी बापू को प्रणाम, नमन् व अभिनन्दन किया। इस मौके पर बोलते हुये मुख्यमंत्री ने कहा कि मोरारी बापू के मुखारविन्द से हमें आज श्रीराम कथा सुनने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि कथा हम सब सुनना चाहते हैं, लेकिन कथा सुनने का सौभाग्य सभी को नहीं मिलता है। यह परम सौभाग्य आज मुझे ईश्वर की कृपा से प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि पूज्य मोरारी बापू के मुखारविन्द से श्रीराम कथा सुनने का सौभाग्य आज मुझे दूसरी बार मिल रहा है। इससे पहले मैं बाजू की कथा सुनने खटीमा से अल्मोड़ा के डोल आश्रम पहुंचा था। इससे पूर्व पतंजलि योगपीठ पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंटकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी विनय शंकर पाण्डेय, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा. योगेन्द्र सिंह रावत, प्रशासन, पुलिस प्रशासन के अधिकारीगणों सहित सम्बन्धित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे। ——————————————————————————– ————————————–कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी। (छाया : पंजाब केसरी)