केरल में भारी बारिश के चलते बाढ़ और भूस्खलन जैसे हालात बने हुए है। राज्य के दक्षिण और मध्य हिस्से में लगातार हो रही बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओ में अब तक कम से कम 18 लोगों की मौत और दर्जनों लोग लापता हो गए हैं। राज्य में हालातों से निपटने के लिए एनडीआरएफ की 11 टीम तैनात की गई हैं।
इडुक्की में भूस्खलन से 4 की मौत
इडुक्की जिलों के कोट्टायम और कोक्कयार में भूस्खलन में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं 12 लोगों के लापता होने की जानकारी है। भूस्खलन को देखते हुए राज्य सरकार ने बचाव कार्यों में भारतीय वायुसेना से सहयोग मांगा है। राज्य के छह जिलों को रेड अलर्ट पर रखा गया है।

NDRF की 11 टीम तैनात
एनडीआरएफ के महानिदेशक एस. एन. प्रधान ने एक ट्वीट कर बताया कि ‘‘केरल के कई जिलों में संभावित बाढ़/जलजमाव और बारिश के लिए जारी रेड अलर्ट को देखते हुए’’ टीमों को भेजा जा रहा है। मलप्पुरम, अलपुझा, एर्णाकुलम, त्रिशूर, पथनमथिट्टा, पलक्कड़, कोट्टायम, कन्नूर और कोल्लम में एक-एक टीम की तैनाती की जाएगी।

लोगों को सतर्क रहना होगा : CM विजयन
केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने कहा, ‘24 घंटे का अलर्ट देखा जाना चाहिए और जलस्रोतों के करीब रहने वाले सभी लोगों को बहुत सतर्क रहना होगा और किसी को भी पानी में नहीं जाना चाहिए। पहाड़ी क्षेत्रों या स्थानों पर यात्रा करने से बचना चाहिए, जहां बारिश हो रही है और भूस्खलन की संभावना वाले क्षेत्रों से बचा जाना चाहिए। इसके साथ ही सतर्क रहना होगा।’