मध्य प्रदेश के भोपाल में एक साथ जहर खाने वाले परिवार के चौथे सदस्य की भी मौत हो गई है। सामूहिक आत्महत्या करने वाले परिवार के मुखिया संजीव जोशी ने शनिवार देर रात दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस परिवार में सिर्फ एक महिला बची है, जो जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही है।
कर्ज से परेशान संजीव जोशी (47), उसकी मां नंदिनी (67), पत्नी अर्चना (45), बेटियां ग्रिशमा (21) और पूर्वी (16) ने गुरुवार की रात कथित रूप से जहर से भरी कोल्ड ड्रिंक पी ली थी। पेशे से मैकेनिक जोशी और परिवार ने व्हाट्सऐप पर इस घटना की ‘लाइव स्ट्रीमिंग’ भी की थी।
‘उच्च जाति की महिलाओं’ पर टिप्पणी कर फंसे शिवराज सरकार के मंत्री, फजीहत हुई तो जताया खेद
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जोशी ने जहर का प्रभाव जांचने के लिए पहले अपने कुत्ते को जहर दिया था, जिससे कुत्ता मर गया था। पिपलानी थाना प्रभारी अजय नायर ने कहा, ‘‘नंदिनी और पूर्वी की शुक्रवार और ग्रिशमा की शनिवार सुबह को अस्पताल में मौत हो गई जबकि संजीत जोशी ने रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घटना में मरने वालों की संख्या चार हो गई। संजीव की पत्नी अर्चना का उपचार अस्पताल में किया जा रहा है।’’
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश सिंह भदौरिया ने शुक्रवार को कहा था कि जोशी ने सात से आठ लोगों से कर्ज लिया था। नायर ने बताया कि पुलिस ने चार महिलाओं के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार किया है।