तमिलनाडु में शनिवार को स्थानीय निकाय चुनाव के दौरान हिजाब विवाद ने प्रवेश कर लिया। दरअसल, मदुरै के एक मतदान केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक सदस्य ने केंद्र में प्रवेश करते समय हिजाब पहनी मुस्लिम महिला का विरोध किया। हालांकि बाद में पुलिस और अन्य राजनीतिक दलों के सदस्यों के हस्तक्षेप के बाद उस महिला ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हुए वोट डाला।
#TamilNadu Urban Local Body Poll |A BJP booth committee member objected to a woman voter who arrived at a polling booth in Madurai while wearing a hijab;he asked her to take it off. DMK, AIADMK members objected to him following which Police intervened. He was asked to leave booth pic.twitter.com/UEDAG5J0eH
— ANI (@ANI) February 19, 2022
तमिलनाडु तक पहुंचा हिजाब विवाद
इस घटना से प्रतीत हो रहा है कि यह मुद्दा पड़ोसी राज्य कर्नाटक में हिजाब को लेकर चल रहे विवाद का नतीजा है। हिजाब को लेकर ये ताजा मामला तमिलनाडु के मदुरै जिले का है। एक वीडियो फुटेज में, भाजपा के मतदान बूथ समिति के सदस्य को हिजाब पहने महिला मतदाता के कमरे में प्रवेश करने के बाद जोर-जोर से आपत्तियां उठाते देखा जा रहा है।
डीएमके और एआईएडीएमके ने किया हस्तक्षेप
उस व्यक्ति ने कथित तौर पर महिला से हिजाब उतारने के लिए कहा। इसके बाद, पुलिस कर्मियों और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (एआईएडीएमके) के सदस्यों ने हस्तक्षेप किया। इन लोगों के हस्तक्षेप के बाद वह महिला अपने मताधिकार का प्रयोग करने में कामयाब रही। घटना के बाद पुलिसकर्मियों ने भाजपा सदस्य को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बूथ छोड़ने को कहा।
NIA की FIR से भारत के खिलाफ D-कंपनी की भयावह योजना का खुलासा, कई राजनेता निशाने पर
भाजपा हमेशा से ऐसा करती रही है, हम इसके पूरी तरह खिलाफ हैं- द्रमुक
इस घटना के बारे में पूछे जाने पर, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के बेटे और द्रमुक विधायक उदयनिधि स्टालिन ने कहा, “भाजपा हमेशा से ऐसा करती रही है। हम इसके पूरी तरह खिलाफ हैं। तमिलनाडु की जनता जानती है कि किसे चुनना है और किसे नकारना है। वे इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे।”
तमिलनाडु में लगभग 11 साल बाद शहरी स्थानीय निकाय चुनाव
तमिलनाडु में लगभग 11 साल बाद शहरी स्थानीय निकाय चुनाव हो रहे हैं। कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हुए मतदान में दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उनके लिए रैंप भी बनाए गए हैं। तमिलनाडु राज्य निर्वाचन आयोग वेब स्ट्रीमिंग और सीसीटीवी कैमरे के जरिए मतदान केंद्रों की निगरानी कर रहा है और सुरक्षा के लिए पुलिस के करीब एक लाख कर्मियों को तैनात किया गया है।
प्राधिकारियों ने बताया कि रैंप और व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की गयी है। नगर निगमों, नगरपालिकाओं और शहर पंचायतों समेत 648 शहरी स्थानीय निकायों में वार्ड सदस्यों के 12,607 पदों के लिए 57,778 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं और 31,000 से अधिक मतदान केंद्रों में मतदान चल रहा है।