हाथ का साथ छोड़ जोगिंदर सिंह मान ने पकड़ी झाड़ू, चुनावों से पहले AAP में हुए शामिल - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

हाथ का साथ छोड़ जोगिंदर सिंह मान ने पकड़ी झाड़ू, चुनावों से पहले AAP में हुए शामिल

पंजाब के पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस से 50 साल पुराना नाता तोड़ जोगिंदर मान ने पार्टी को सबसे बड़ा झटका दिया है।

पंजाब कांग्रेस का बड़ा दलित चेहरा रहे पूर्व मंत्री जोगिंदर सिंह मान आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस से 50 साल पुराना नाता तोड़ जोगिंदर मान ने पार्टी को सबसे बड़ा झटका दिया है। पूर्व मंत्री के आप में शामिल होने पर पार्टी नेता और पंजाब के सह प्रभारी राघव चड्ढा ने कहा कि मान के शामिल होने से राज्य में पार्टी को काफी मजबूती मिलेगी।
चड्ढा ने एक ट्वीट में कहा, ‘‘अरविंद केजरीवाल जी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर पंजाब के पूर्व कैबिनेट मंत्री और तीन बार के विधायक जोगिंदर सिंह मान जी कांग्रेस के साथ अपने 50 साल पुराने जुड़ाव को समाप्त करते हुए आप में शामिल हो गए। वह पंजाब कृषि उद्योग निगम के अध्यक्ष थे।’’ 
1642229312 mann
चड्ढा ने कहा, ‘‘मान के शामिल होने से पंजाब में आप की इकाई को काफी मजबूती मिलेगी।’’ चड्ढा ने एक तस्वीर भी साझा की जिसमें मान को आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की मौजूदगी में पार्टी में शामिल होते दिखाया गया है। 
नाराजगी के चलते मान ने छोड़ा कांग्रेस का साथ
अनुसूचित जाति (एससी) वर्ग के नेता मान कथित रूप करोड़ों रुपए के पोस्ट-मैट्रिक एससी छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपियों के खिलाफ ‘‘कोई कार्रवाई नहीं’’ होने और फगवाड़ा को जिला का दर्जा नहीं देने पर कांग्रेस से नाराज थे। मान ने कांग्रेस से और पंजाब कृषि उद्योग निगम के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। 
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को एक पत्र में फगवाड़ा के तीन बार के विधायक मान ने कहा कि उनका एक सपना था कि वह ताउम्र कांग्रेस नेता रहते। मान ने बेअंत सिंह, राजिंदर कौर भट्टल और अमरिंदर सिंह के मंत्रिमंडलों में मंत्री के रूप में कार्य किया था। 
मान ने पत्र में कहा था, ‘‘मैट्रिक के बाद दी जाने वाली छात्रवृत्ति योजना के गुनहगारों को कांग्रेस संरक्षण दे रही है, इसलिए मेरी अंतरात्मा मुझे पार्टी में रहने की अनुमति नहीं देती है।’’ पंजाब की 117 विधानसभा सीटों के लिए 14 फरवरी को मतदान होगा और 10 मार्च को नतीजे आएंगे। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

15 + eight =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।