उत्तर प्रदेश के बागपत से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। यहां दो सगी बहनों पर तेज़ाब से हमला हुआ है। गांव के ही एक युवक ने घटना को अंजाम दिया। दोनों बहनों को पिलाना सीएचसी में भर्ती कराया गया है। बड़ी बहन की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
घटना बागपत के रोशनगढ़ गांव में सोमवार रात को घटित हुई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी युवक ने रात को दोनों बहनों पर तेज़ाब से हमला किया। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक युवतियों को काफी समय से परेशान कर रहा था। बड़ी बहन की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों बहनों का इलाज पिलाना सीएचसी पल चल रहा है।

बागपत के पुलिस अधिक्षक नीरज कुमार जादौन ने मंगलवार को कहा, रोशनगढ़ गांव में कल रात 2 लड़कियों पर तेजाब फेंकने की घटना सामने आई है। लड़कियों के पिता ने गांव के ही एक लड़के पर आरोप लगाया है। आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। विधिवत कार्रवाई की जा रही है।
एसिड अटैक की घटना के बाद एसपी बागपत के निर्देश में गठित टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जिला अधिकारी राजकमल यादव ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ दिनेश कुमार को इलाज में कोई भी लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए हैं।