आम आदमी पार्टी के संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल यूपी के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने के बाद वह सुलतानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पार्टी के मुख्य प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी ने बताया कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, यहां से वह सुल्तानपुर होते हुए अयोध्या के लिये रवाना हुए हैं। जहां वह शाम वे सरयू आरती में शामिल होंगे और कल सुबह रामलला के दर्शन करके वापस दिल्ली के लिए रवाना होंगे। आज रात्रि विश्राम उनका अयोध्या में होगा।
एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकर्ताओंने केजरीवाल का भव्य स्वागत किया
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल सोमवार को सुबह लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर पार्टी के कार्यकतार्ओं ने उनका भव्य स्वागत किया। केजरीवाल सीधे सुलतानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। वह यहां वर्ष 2014 के एक मामले में कोर्ट में पेश होंगे। फिर यहीं से सीधे अयोध्या जाएंगे और शाम 6:00 बजे सरयू आरती में शामिल होंगे। मंगलवार को रामलला के दर्शन करेंगे। आप के यूपी प्रभारी और राज्यसभा सदस्य संजय सिंह और प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह भी मौजूद रहे।

बता दें कि वर्ष 2014 में गौरीगंज व अमेठी में चुनाव के दौरान दर्ज किए गए मुकदमे के संदर्भ में 25 अक्टूबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सुलतानपुर आ रहे हैं। वह दीवानी के एमपी-एमएलए कोर्ट में हाजिर होंगे। आठ साल पहले वह सामाजिक संस्था के जरिए लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए आ चुके हैं।
यूपी चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर उतरेगी
गौरतलब है कि अगले साल होने वाले यूपी चुनाव में आम आदमी पार्टी प्रदेश की सभी 403 सीटों पर उतरेगी। आप ने सितंबर महीने में विधानसभा चुनावों के लिए संभावित उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की थी। यूपी के अलावा पार्टी उत्तराखंड, पंजाब, गोवा और गुजरात में भी चुनावी मैदान में उतरेगी। दिल्ली में अपनी सफलता के बाद अब पार्टी अन्य राज्यों में भी अपने कद को विस्तार करने की कोशिश कर रही है।
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने चुनावी वादों का ऐलान करते हुए कहा था कि अगर हमारी पार्टी सत्ता में आती है तो यूपी के लोगों को बिजली के मंहगे बिलों से राहत मिलेगी। इतना ही नहीं उपमुख्यमंत्री ने यह भी वादा किया कि सत्ता में आने के 24 घंटे के अंदर ही सभी को 300 यूनिट मुफ्त बिजली दी जाएगी।