प्रयागराज में मकान ढहाए जाने पर बोले कपिल सिब्बल-पनप रही है बुलडोजर की संस्कृति - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

प्रयागराज में मकान ढहाए जाने पर बोले कपिल सिब्बल-पनप रही है बुलडोजर की संस्कृति

प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने प्रयागराज में शुक्रवार को हुई हिंसा के कथित मास्टरमाइंड का मकान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रविवार को गिरा दिया।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में 10 जून (शुक्रवार) को हुई हिंसा के एक आरोपी का “अवैध रूप से निर्मित” मकान ढहा दिया गया है। प्राधिकारियों द्वारा की गयी इस कार्रवाई के एक दिन बाद राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल ने कहा कि कानून के सोने पर ‘‘बुलडोजर की संस्कृति पनपती है।’’
कपिल सिब्बल ने ट्वीट किया, ‘‘प्रयागराज : कानून के सोने पर बुलडोजर की संस्कृति पनपती है। देश बदल रहा है।’’ हाल में कांग्रेस छोड़ने वाले सिब्बल निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर उत्तर प्रदेश से राज्यसभा में चुने गए हैं। उन्हें समाजवादी पार्टी ने समर्थन दिया है।


प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने प्रयागराज में शुक्रवार को हुई हिंसा के कथित मास्टरमाइंड का मकान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में रविवार को गिरा दिया। इससे एक दिन पहले सहारनपुर में दंगों के दो आरोपियों की संपत्तियां ढहाई गयी। सहारनपुर में भी पथराव हुआ था। दरअसल, बीते शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद देश के कई हिस्सों में पैगंबर मोहम्मद पर टिप्पणी के खिलाफ प्रदर्शन और हिंसा की घटनाएं हुई। 

नूपुर शर्मा ने पिछले दिनों एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मोहम्मद पर बयान दिया था, जिसको लेकर विवाद शुरू हो गया। नूपुर के इस बयान पर अरब देशों ने भी कड़ी आपत्ति जताई। जिसके बाद बीजेपी ने उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया। बावजूद इसके देश में विरोध प्रदर्शन रुकने का नाम नहीं ले रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

five × 4 =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।