प्रयागराज हत्याकांडः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात - Latest News In Hindi, Breaking News In Hindi, ताजा ख़बरें, Daily News In Hindi

प्रयागराज हत्याकांडः कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पीड़ित परिवार से की मुलाकात

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ के गोहरी गांव में पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के फाफामऊ के गोहरी गांव में पहुंचकर पीड़ित परिजनों से मुलाकात की। प्रियंका गांधी के साथ में यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू, पीएल पुनिया, वाराणसी के पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।प्रियंका ने पीड़ितों से करीब चालीस मिनट तक बातचीत की। इस दौरान जमीन पर ही बैठकर प्रियंका ने उनकी बातें सुनीं। वहां से निकलने के बाद सरकार पर हमला बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि दलितों और किसानों पर हमले बढ़े हैं। सरकार कुछ कर नहीं पा रही है। 
 पूरा परिवार दहशत के साये में हैःप्रियंका
प्रियंका जिस दौरान पीड़ितों के पास पहुंचीं, पुलिस ने घेराबंदी करके गांव वालों को काफी दूर कर दिया। प्रियंका गांधी के साथ कुछ अधिकारी और उनके साथ आए कांग्रेस के नेता ही पीड़ितों तक पहुंचे। प्रियंका गांधी ने कहा कि पूरा परिवार दहशत के साये में है। परिवार में केवल महिलाएं हैं। पुरुष झारखंड में मजदूरी करते हैं। इन महिलाओं को नहीं पता कि अकेले क्या करें। कोई भी आकर इन्हें परेशान कर सकता है। पुलिस ने इनकी मदद नहीं की। 
दो पुलिस वालों को यहां से हटा दिया गया है। महिलाएं बताती हैं कि जब वे शिकायत करने जाती थीं तो पुलिसकर्मी उनका मजाक उड़ाते थे। प्रशासन इस पर चुप कैसे हो सकता है? प्रियंका गांधी के साथ यूपी कांग्रेस अध्यक्ष अजय लल्लू, पीएल पुनिया समेत कई दिग्गज नेता भी साथ रहे।
एक ही परिवार के चार लोगों की हुई थी हत्या
फाफामऊ के गोहरी गांव में गुरुवार को एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या हुई थी। गोहरी गांव के फूलचंद पासी (50), उनकी पत्नी मीनू, (45), शिव (10) और 17 वर्षीय पुत्री की कुल्हाड़ी और धारदार हथियार से काटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या से पहले किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म की भी आशंका जाहिर की गई है। किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। प्रियंका के आने से पहले ही एसपी गंगापार और उप जिलाधिकारी पीएसी के साथ मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस परिवार के लोगों को शवों का अंतिम संस्कार कराने के लिए मनाने का प्रयास कर रही है लेकिन परिवार के लोग अभी कोई निर्णय नहीं ले सके हैं। 
मां-बाप और दो बच्चों की हत्या के बाद सन्नाटा पसरा
फाफामऊ के गोहरी गांव में मां-बाप और दो बच्चों की हत्या के बाद सन्नाटा पसरा हुआ है। शुक्रवार को चारों शवों को पोस्टमार्टम के बाद गांव में लाया गया तो पूरे गांव में मातम फैल गया। घटना को देखते हुए गांव में बड़ी संख्या में फोर्स तैनात कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sixteen − ten =

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।