यूक्रेन में जारी युद्ध के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समरकंद में हाल ही में संपन्न शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को शांति का पाठ पढ़ाया था। इसके लिए अब पूरी दुनिया में उनकी तारीफ हो रही है। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के 77वें सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का नाम लेकर उनकी तारीफ की है। मैक्रों ने कहा कि पीएम मोदी ने सही कहा है कि आज युद्ध का समय नहीं है। आपको बता दें कि इससे पहले अमेरिका ने भी पीएम मोदी के बयान का समर्थन किया था और वहां की मीडिया ने उनकी जमकर तारीफ की थी।
यह युद्ध का समय नहीं हैः मोदी
मैक्रों ने कहा, ‘भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ठीक ही कहा है कि आज युद्ध का समय नहीं है। यह समय पश्चिम से बदला लेने या पूर्व के विरुद्ध पश्चिम का विरोध करने का नहीं है। यह हमारा समय है। आगे की चुनौतियों का सामना करने के लिए।” रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से बातचीत के दौरान पीएम मोदी ने कहा था, ”आज युद्ध का युग नहीं है. मैंने इस बारे में आपसे फोन पर भी बात की है. आज हमें इस बारे में बात करनी चाहिए कि हम शांति कैसे बना सकते हैं.” भारत और रूस कई दशकों से एक-दूसरे के साथ हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने उज्बेकिस्तान के समरकंद में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय बैठक के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा था, “हमने भारत-रूस द्विपक्षीय संबंधों और विभिन्न मुद्दों के बारे में कई बार फोन पर बात की है। हमें भोजन, ईंधन सुरक्षा और उर्वरक की समस्याओं को हल करने के तरीके खोजने चाहिए। मैं अपने छात्रों को यूक्रेन से निकालने में मदद करना चाहता हूं। मैं रूस और यूक्रेन को उनकी मदद के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं।” पीएम मोदी को जवाब देते हुए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कहा कि उन्हें यूक्रेन विवाद पर भारत के रुख की जानकारी है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि हम चाहते हैं कि यह सब जल्द से जल्द खत्म हो।
मैं आपकी चिंताओं के बारे में जानता हूंः पुतिन
पुतिन ने कहा, “मैं यूक्रेन संघर्ष पर आपकी स्थिति के बारे में जानता हूं। मैं आपकी चिंताओं के बारे में जानता हूं। हम चाहते हैं कि यह जल्द से जल्द खत्म हो।” उन्होंने कहा, “लेकिन यूक्रेन के नेतृत्व ने वार्ता प्रक्रिया में शामिल होने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वे युद्ध के मैदान पर अपने उद्देश्यों को प्राप्त करना चाहते हैं।”

पंजाब केसरी एक हिंदी भाषा का समाचार पत्र है जो भारत में पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली के कई केंद्रों से प्रकाशित होता है।इसका स्वामित्व पंजाब केसरी समूह के पास है।