Bihar Admit Card Mistake: बिहार के रोहतास से एक अजब-गजब मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर खूब मजाक बनाया जा रहा है। यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर छाप दी गई। इससे अभ्यर्थी बहुत परेशान है और इस घटना ने एक बार फिर भर्ती प्रक्रिया और ऑनलाइन आवेदन प्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आइए विस्तार से जानते हैं क्या है पूरा मामला।
अभ्यर्थी की जगह कुत्ते की फोटो
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धवा गांव के रहने वाले रितेश कुमार के साथ हुई है। उसने साल 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी के पद के लिए आवेदन किया था। काफी लंबे इंतजार के बाद अब जब इस भर्ती का एडमिट कार्ड जारी किया गया, तो उसे देखने वाले हैरान रह गए। एडमिट कार्ड पर नाम और बाकि जानकारी सही थी, लेकिन उसकी फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी थी।
2022 में किया था आवेदन
घटना के सामने आने के बाद रितेश भी गुस्से में है। उसने इस गलती के लिए बोर्ड को जिम्मेदार ठहराया। खबरों के अनुसार, जब रितेश से इस मामले में चर्चा की गई तो उसने बताया कि साल 2022 में उसने सिविल कोर्ट के चपरासी पद के लिए आवेदन किया था। एडमिट कार्ड जारी हुआ तो डाउनलोड किया, उसमें मेरी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी थी। उन्होंने बताया कि इस संबंध में संबंधित बोर्ड और विभाग को शिकायत भेज दी है। इस गलती को सुधरने की भी मांग की है, ताकि उन्हें परीक्षा देने में कोई परेशानी न हो।
15 मार्च को होने वाली है परीक्षा
आपको बता दें कि सिविल कोर्ट के चपरासी पद की लिखित परीक्षा 15 मार्च को होने वाली है। रितेश का सेंटर सहरसा में है। ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर गलती को लेकर वह बहुत परेशान हैं। उनका कहना है कि उनके पास समय कम है और अगर इसे ठीक नहीं किया गया, तो हो सकता है कि उन्हें परीक्षा केंद्र पर जाने में दिक्कत हो।
बिहार में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी है। कई बार जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र या फिर निवास प्रमाण-पत्र में ऐसी गलतियां देखने को मिली हैं। अब एडमिट कार्ड में हुई ऐसी गलती से फिर बिहार की किरकिरी हो रही है। देखना होगा कि बोर्ड की ओर से कब तक इस गलती को ठीक किया जाता है।
यह भी पढ़ें: जंग के बीच बड़ा खुलासा! ईरान के पास 10 परमाणु बम बनाने लायक सामग्री, IAEA चीफ के बयान ने सबको चौंकाया


Download Android App
Download iOS App




