बिहार के लखीसराय जिले के कवैया थाना क्षेत्र में सोमवार की सुबह अर्घ्य देकर लौट रहे एक परिवार के छह लोगों को गोली मार दी गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस इसे एक सनकी आशिक की करतूत बता रही है। घटना के बाद से आरोपी फरार बताया जा रहा है।
HIGHLIGHTS
- सनकी आशिक ने परिवार पर की अंधाधुंध फायरिंग
- जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई
- परिवार के लोग छठ पर्व के मौके पर उदीयमान सूर्य का अर्घ्य देकर लौट रहे थे
घटना के बाद विधायक विजय कुमार सिन्हा भड़के
इस घटना के बाद विधानमंडल के नेता प्रतिपक्ष और लखीसराय के विधायक विजय कुमार सिन्हा भड़क गए हैं। पुलिस के मुताबिक, कवैया थाना क्षेत्र में शशि भूषण झा के परिवार के लोग छठ पर्व के मौके पर उदीयमान सूर्य का अर्घ्य देकर लौट रहे थे कि तभी पहले से घात लगाए आशीष चौधरी नाम के युवक ने एक-एक करके छह लोगों को गोली मार दी। इस घटना में तीन लोगों की मौत हो गई। मृतक सहोदर भाई और बहन बताए जा रहे हैं।
आरोपी भी शशि भूषण झा का पड़ोसी
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पंजाबी मुहल्ला वार्ड नंबर 15 निवासी आशीष चौधरी के द्वारा फायरिंग की गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चंदन झा (31), राजनंदन झा (31) और दुर्गा कुमारी के रूप में हुई है। इस घटना में प्रीति देवी, शशि भूषण झा और लवली देवी घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लखीसराय भेजा गया।चिकित्सकों ने सभी को बेहतर इलाज के लिए पटना भेजा दिया है। पुलिस के मुताबिक, गोली मारने वाला आरोपी भी शशि भूषण झा का पड़ोसी है। लखीसराय के पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार ने बताया कि आशीष चौधरी घर के सामने रहने वाली लड़की से प्यार करता था और उससे शादी करना चाहता था। उन्होंने बताया कि 10 दिन पहले भी इस परिवार के साथ उसका झगड़ा हुआ था। बताया जाता है कि लड़की का परिवार इस विवाह का विरोध कर रहे थे, जिससे नाराज होकर युवक ने लड़की के परिवार वालों पर गोलीबारी की। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि आरोपी को गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम बनाई गई है जो संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। इस घटना के बाद स्थानीय विधायक और विपक्ष के नेता विजय कुमार सिन्हा भड़क गए हैं। उन्होंने कहा कि बिहार में गुंडाराज चल रहा है। दिनदहाड़े ऐसी घटना हो रही है, अपराधी फरार हो रहे हैं और प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सत्ता संरक्षित अपराधी को बचाने का खेल चल रहा है, इस अपराध में शराब और बालू माफिया गैंग के लोग शामिल है। इसकी उच्चस्तरीय जांच हो। स्थानीय प्रशासन सत्ता से जुड़े लोगों को बचाने में लगी है और मामला को भटकाने में लगी है।
देश और दुनिया की तमाम खबरों के लिए हमारा YouTube Channel ‘PUNJAB KESARI’ को अभी subscribe करें। आप हमें FACEBOOK, INSTAGRAM और TWITTER पर भी फॉलो कर सकते हैं।


Download Android App
Download iOS App



