बिहार: पटना जंक्शन पर श्रद्धालुओं की भीड़, जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

Summary :

राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर स्टेशन पर भी श्रद्धालुओं की भीड़

प्रयागराज महाकुंभ को लेकर देश भर के रेलवे स्टेशनों पर भारी भीड़ देखी जा रही है। इसी कड़ी में पटना जंक्शन पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ है। पटना जंक्शन पर व्यवस्थाओं और सुरक्षा का निरीक्षण करने पटना जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह और एसएसपी अवकाश कुमार पहुंचे। इस दौरान पटना जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि हमने पटना जंक्शन का निरीक्षण किया। यहां पर हमने मजिस्ट्रेट प्रतिनियुक्ति की है, ताकि यहां व्यवस्थाओं का सही तरीके से संचालन हो सके।

पटना जंक्शन के अलावा राजेंद्र नगर टर्मिनल और दानापुर स्टेशन पर भी अत्यधिक भीड़ हो रही है। इन स्थानों पर सुरक्षा और व्यवस्था का भी ख्याल रखा जा रहा है। जो प्रतिनियुक्त मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और पुलिस जवान तैनात किए गए हैं, सभी पूरी तरह से मुस्तैद हैं। रेलवे प्रशासन, जीआरपी और आरपीएफ के कर्मियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया है ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने आगे कहा कि चार और पांच नंबर प्लेटफार्म पर भीड़ अधिक है, बाकी जगह पर स्थिति सामान्य है। हम लोग स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और कोशिश कर रहे हैं कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। हम चाहते हैं कि जो यात्री जा रहे हैं, उन्हें किसी भी तरह की असुविधा का सामना न हो और वे सुरक्षित ढंग से अपने गंतव्य पर पहुंचें और वहां से वापस लौट सकें।जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने पटना जिले के निवासियों से भी अपील की कि वर्तमान में स्टेशन पर भीड़ बहुत अधिक है, ऐसे में वे अपनी यात्रा की योजना इस तरह से बनाएं कि किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़े।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.