बिहार: पटना में सड़क हादसा, ट्रक ने ऑटो को मारी टक्कर सात की मौत

Summary :

सड़क हादसे में मृतकों के परिवारों को मुआवजे की मांग

बिहार के पटना जिले के मसौढ़ी थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात एक ट्रक ने यात्रियों से भरे एक ऑटो को टक्कर मार दी। इस घटना में सात लोगों की मौत हो गई। कुछ अन्य लोगों के घायल होने की भी खबर है। पुलिस के अनुसार, देर रात मसौढ़ी थाना अंतर्गत स्थित नूरा पुल के पास एक ट्रक और एक ऑटो के बीच टक्कर होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर तत्काल पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची तथा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मसौढ़ी द्वारा घटनास्थल का निरीक्षण किया गया, जहां सात व्यक्तियों की मृत्यु होने की पुष्टि हुई है।

बताया गया कि बालू लदे ट्रक ने ऑटो में टक्कर मार दी। इस घटना में ऑटो सवार सात लोगों की मौत हो गई। टक्कर के बाद ट्रक ऑटो के पूरी तरह ऊपर आ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। मृतकों में सभी मजदूर बताए जाते हैं। पटना से मजदूरी करके ये सभी तारेगना स्टेशन पर उतरे थे और फिर वहां से ऑटो से अपने घर लौट रहे थे। इस बीच पितवांस की ओर से जा रहे एक बालू लदे ट्रक से ऑटो की टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों वाहन सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में जा गिरे।

घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। सभी शवों को ग्रामीणों की मदद से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। इस घटना में कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि नजदीक के गांव से प्रत्येक दिन लोग मजदूरी करने के लिए पटना जाते थे और काम करके देर रात अपने घर लौट आते थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

इस दुर्घटना पर रवि प्रकाश, मुखिया, सहवां पंचायत ने कहा, “यह घटना बहुत दुखद है। इस दुर्घटना में मारे गए सभी लोग यहां पास की ही शाहाबाद पंचायत और चर्मा पंचायत के श्रमिक थे। यह लोग रोज कमाने के लिए पटना जाते थे और शाम को लौट आते थे। रविवार शाम को लौट रहे थे। उसी समय तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। इस लापरवाही से 7 लोगों की जान चली गई है। इतनी बड़ी घटना हो गई है लेकिन अभी तक कोई बड़ा अधिकारी नहीं आया है। आम लोगों की मांग है कि डीएम घटनास्थल पर आएं। तब तक हम शव को उठने नहीं देंगे। मृतकों के परिवारों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा मिले। इसके अलावा अभी तक 3 लोग लापता हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.