Muzaffarpur Girl Attack: ‘रास्ते में रोका, पीछा करते हुए पहुंच गया घर…’, एकतरफा प्यार में पड़े सनकी आशिक ने युवती के सिर पर चाकू से किया हमला!

Summary :

Muzaffarpur Girl Attack: मुजफ्फरपुर में बिहार पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही 22 वर्षीय युवती पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। युवती का आरोप है कि गांव का युवक पिछले 15-20 दिनों से उसका पीछा कर रहा था। रास्ते में रोकने के बाद वह घर तक पहुंचा और सिर पर चाकू से वार किया। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

Muzaffarpur Girl Attack: बिहार के मुजफ्फरपुर में एक युवती पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव का एक युवक पिछले कुछ दिनों से युवती का पीछा कर रहा था और उससे बातचीत करने के लिए दबाव बना रहा था। मंगलवार को मामला उस समय गंभीर हो गया, जब युवक ने पहले रास्ते में युवती को रोका और बाद में उसका पीछा करते हुए घर तक पहुंच गया। घर के पास हुए विवाद के दौरान युवती के सिर पर चाकू से वार कर दिया।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार,  22 वर्षीय युवती बिहार पुलिस में सिपाही भर्ती की तैयारी कर रही है। वह PET टेस्ट के लिए रेगुलर  दौड़ लगाने जाती है। युवती के अनुसार, पिछले करीब 15 से 20 दिनों से गांव का रहने वाला रवि कुमार उसका पीछा कर रहा था। मंगलवार को भी वह रोज की तरह दौड़ लगाने के बाद घर लौट रही थी। इसी दौरान दरिया छपरा पोखर के पास रवि कुमार ने  उसका रास्ता रोक लिया। युवती का आरोप है कि युवक उससे बात करने के लिए दबाव डालने लगा।

पीछा करते हुए घर तक पहुंचा युवक

युवती ने जब युवक की बात मानने से मना  किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई। शिकायत के मुताबिक, मामला बढ़ने पर आरोपी ने उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। आसपास के लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो कुछ लोग मौके पर पहुंचे। लोगों के हस्तक्षेप के बाद युवक वहां से चला गया। इसके बाद युवती अपने घर की ओर निकल गई।

पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसका पीछा करना नहीं छोड़ा और उसके घर तक पहुंच गया। घर के पास भी दोनों के बीच विवाद हुआ। युवती के अनुसार, युवक ने वहां भी उसके साथ मारपीट और गाली-गलौज की। इसी दौरान आरोपी ने  चाकू निकालकर युवती के सिर पर हमला कर दिया। सिर में चोट लगने से वह घायल हो गई। युवती के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके की ओर आने लगे। लोगों को आता देखकर आरोपी वहां से भाग निकला।

CHC में कराया गया इलाज

हमले के बाद परिवार और स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवती को मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां उसका इलाज कराया गया। उपचार के बाद युवती ने मोतीपुर थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।

अपनी शिकायत में युवती ने युवक पर परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। उसने यह भी कहा है कि आरोपी उसे रेप की धमकी देता था। इसके अलावा युवती ने आरोप लगाया कि युवक उसके पिता और भाई को जान से मारने की धमकी भी देता था।

शिकायत के आधार पर FIR दर्ज

मामले को लेकर मुजफ्फरपुर की DSP पश्चिमी सुचित्रा कुमारी ने बताया कि युवती के बयान के अनुसार पहले उसे रास्ते में रोककर मारपीट की गई। कुछ लोगों के बीच-बचाव के बाद आरोपी वहां से चला गया था। इसके बाद उसके घर के पास दोबारा विवाद हुआ और चाकू से हमला करने का आरोप है।

DSP ने बताया कि इलाज कराने के बाद युवती ने थाने में आवेदन दिया था। आवेदन के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस युवती की शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: Nandan Yadav Encounter: जमुई बदसलूकी केस में पुलिस का बड़ा एक्शन, मुख्य आरोपी चंदन एनकाउंटर में घायल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।