बिहार कांग्रेस 15 मई से पूरे प्रदेश में न्याय संवाद की श्रृंखला शुरू करेगी। इसमें शिक्षा, नौकरी और भागीदारी के सवाल को लेकर कांग्रेस लोगों के बीच जाएगी, उनसे बात कर उनके दुख और तकलीफों को सुनेगी। पटना के कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय सदाकत आश्रम में मंगलवार को पार्टी नेता कन्हैया कुमार ने इसकी घोषणा करते हुए कहा कि लोगों के दुख और तकलीफों को सुनने के बाद उसी के आधार पर न्याय पत्र तैयार किया जाएगा। इसी न्याय पत्र के आधार पर कांग्रेस की सरकार बनने के बाद या किसी और की भी सरकार बने, कांग्रेस उस न्याय पत्र को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध होगी।
LIVE: Press briefing by Shri @kanhaiyakumar in Patna, Bihar. https://t.co/GJ7Y1sWxza
— Congress (@INCIndia) May 13, 2025
राहुल गांधी छात्रों से करेंंगे संवाद
सदाकत आश्रम में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कन्हैया कुमार ने कहा, 15 मई को लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी भी बिहार के दरभंगा आएंगे। वे यहां दरभंगा में छात्रों से संवाद करेंगे। जब वह दरभंगा में छात्रों से संवाद कर रहे होंगे, उसी समय प्रदेश के 60 स्थानों पर कांग्रेस के नेता छात्रों से संवाद करेंगे। इस संवाद कार्यक्रम के लिए पार्टी के कई राष्ट्रीय नेता बिहार पहुंचेंगे। कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार ने बताया कि इस दौरान कांग्रेस के नेता विभिन्न स्थानों पर छात्रावासों में जाएंगे और वहां छात्रों से संवाद करेंगे। जिन जगहों पर छात्रावास नहीं होंगे, वहां टाउन हॉल में छात्रों को इकट्ठा किया जाएगा और बिहार में शिक्षा की स्थिति पर चर्चा की जाएगी और संवाद किया जाएगा।
रोजगार-नौकरी को लेकर सरकार का घेराव
उन्होंने कहा कि आज भी समाज के निचले पायदान पर मौजूद व्यक्तियों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरक्षण की 50 प्रतिशत की सीमा समाप्त करने की मांग करते हुए कहा कि अब निजी क्षेत्रों में आरक्षण की भागीदारी मिलनी चाहिए। उन्होंने बिहार में शैक्षणिक सत्र की देरी को लेकर कहा कि यहां शिक्षा के स्तर में सुधार जरूरी है। उन्होंने संस्थानों में अलग-अलग फीस पर सवाल उठाए और रोजगार-नौकरी के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा।


Download Android App
Download iOS App



