सुशांत सिंह राजपूत केस में जनहित याचिका दायर, पिता बोले – कोर्ट से है पूरी उम्मीद

Summary :

सुशांत केस में जनहित याचिका दायर, 19 फरवरी को होगी सुनवाई

दिवंगत बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं पाई है। मामले की जांच सीबीआई ने की थी, लेकिन उसने भी अब तक सुशांत की मौत से पर्दा नहीं उठाया है। इस बीच, मुंबई में सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में एक जनहित याचिका दायर की गई है, जिस पर सुनवाई 19 फरवरी को होगी।

सुशांत सिंह राजपूत के पिता के.के. सिंह ने जनहित याचिका को लेकर आईएएनएस से खास बातचीत की। उन्होंने कहा, “मुझे पता चला है कि किसी ने जनहित याचिका दायर की है। इस याचिका में नाम का भी जिक्र किया गया है, जिसे गिरफ्तार करने की मांग की गई है। इस याचिका से मुझे उम्मीद जगी है कि सुनवाई होगी तो पता चलेगा कि सुशांत ने सुसाइड किया था या फिर हत्या की गई थी।”

उन्होंने कहा, “मुझे इस पूरे मामले के बारे में मीडिया से ही पता चला है। मुझे कोर्ट से पूरी उम्मीद है, लेकिन सवाल यह उठता है कि इस मामले में कितनी देर लगेगी।”

उल्लेखनीय है कि 14 जून 2020 को सुशांत सिंह राजपूत का निधन हो गया था। उनकी लाश बांद्रा स्थित उनके अपार्टमेंट में पाई गई थी। उनके निधन की खबर ने फिल्म इंडस्ट्री और देश को हिलाकर रख दिया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या करार दिया गया था, लेकिन परिवार और फैंस ने इसे हत्या बताया था।

सुशांत के पिता ने एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती के खिलाफ सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी। रिया और उनके भाई शौविक चक्रवर्ती को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने सुशांत से जुड़े ड्रग्स मामले में गिरफ्तार भी किया था।

सुशांत ने अपने करियर की शुरुआत 2008 में स्टार प्लस के सीरियल ‘किस देश में है मेरा दिल’ से की थी, लेकिन वास्तविक लोकप्रियता शो ‘पवित्र रिश्ता’ से मिली। बॉलीवुड में उनका डेब्यू साल 2013 में आई फिल्म ‘काई पो चे’ से हुआ। इसके बाद उन्होंने ‘शुद्ध देसी रोमांस’, ‘पीके’, ‘एमएस धोनी-द अनटोल्ड स्टोरी’, ‘केदारनाथ’ और ‘छिछोरे’ जैसी फिल्मों में काम किया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.