अक्षय तृतीया पर हो सकती है 12,000 करोड़ रुपए के सोने की बिक्री

Summary :

अक्षय तृतीया पर सोने की बिक्री में 12,000 करोड़ का उछाल

अक्षय तृतीया पर इस साल 12,000 करोड़ रुपए के सोने की बिक्री की उम्मीद है। ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के पंकज अरोड़ा ने बताया कि चांदी की बिक्री भी 4,000 करोड़ रुपए तक पहुंच सकती है। ऊंची कीमतों के बावजूद, शादी के सीजन और विशेष ऑफर्स से सोने की मांग बनी हुई है।

अक्षय तृतीया के अवसर पर सोना खरीदने को काफी शुभ माना जाता है। इस साल अक्षय तृतीया पर देशभर में 12,000 करोड़ रुपए के सोने की बिक्री हो सकती है। यह बयान इंडस्ट्री बॉडी की ओर से मंगलवार को दिया गया।

ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के प्रेसिडेंट, पंकज अरोड़ा ने कहा कि अक्षय तृतीया के अवसर पर 12,000 करोड़ रुपए की वैल्यू के 12 टन सोने की बिक्री हो सकती है।

अरोड़ा ने कहा, “इस साल चांदी की बिक्री भी 400 टन या 4,000 करोड़ रुपए के आंकड़े को छू सकती है। ऐसे में देश में अक्षय तृतीया के मौके पर 16,000 करोड़ रुपए का कारोबार होने की उम्मीद है।”

हालांकि, उन्होंने माना कि ऊंची कीमतों की वजह से कुछ ग्राहक हिचकिचा रहे हैं।

अरोड़ा के मुताबिक, कई वैश्विक कारकों की वजह से कीमतें बढ़ी हैं जिसमें आर्थिक अनिश्चितता, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतें, कमजोर रुपया और भू-राजनीतिक तनाव शामिल हैं।

कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के प्रेसिडेंट बीसी भरतिया ने कहा कि भारत में शादियों के लिए सोना और चांदी खरीदना एक परंपरा है, इसलिए आवश्यक खरीदारी अभी भी हो रही है। चालू शादी सीजन ने मांग को कुछ हद तक बनाए रखने में मदद की है।

भरतिया ने कहा, “खरीदारों को आकर्षित करने के लिए ज्वेलर्स छूट और विशेष ऑफर भी दे रहे हैं।”

कैट के अनुसार, बीते एक साल में सोने की कीमतों में भारी उछाल आया है। पिछले साल सोने की कीमत 73,500 रुपये प्रति 10 ग्राम थी, लेकिन इस साल यह 1 लाख रुपये के स्तर को छू गई है।

चांदी की कीमत भी 86,000 रुपये प्रति किलोग्राम से बढ़कर 1,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है।

कैट के मुताबिक, भले ही कीमतों में तेजी से बढ़ोतरी हुई हो, लेकिन अक्षय तृतीया का उत्साह व्यापारियों के बीच अभी भी मजबूत है क्योंकि इस दिन सोना खरीदना भारत में समृद्धि और सौभाग्य लाने का प्रतीक माना जाता है।

मान्यता यह है कि अक्षय तृतीया पर खरीदा गया सोना कभी भी अपना मूल्य नहीं खोता है।

अक्षय तृतीया पर सोने-चांदी की खरीदारी के लिए शुभ मुहूर्त

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.