छत्तीसगढ़/रायपुर: भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर कांग्रेस की ओर से की गई टिप्पणी पर प्रदेश के मंत्री रामविचार नेताम ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कांग्रेस को नसीहत देते हुए कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के बारे में इस तरह की बयानबाजी करना उचित नहीं है। कांग्रेस को दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपनी सारी मर्यादाएं तोड़ दी हैं और भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी पार्टी को इस तरह की बयानबाजी से बचना चाहिए। नेताम ने कहा कि समय आने पर जनता कांग्रेस को जवाब देगी।
मंत्री रामविचार नेताम ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रायगढ़ दौरे पर आएंगे। उनके साथ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी रायगढ़ पहुंचेंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं और जनजातीय समाज से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें जनजातीय संस्कृति, पारंपरिक व्यंजनों और स्थानीय कलाकृतियों को प्रदर्शित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसके अलावा कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर व्यापक समीक्षा भी की जाएगी।
पटवारियों के आंदोलन पर क्या बोले मंत्री नेताम?
पटवारियों के आंदोलन और धान खरीदी को लेकर कांग्रेस की ओर से सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर भी मंत्री नेताम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है। सरकार आंदोलन कर रहे पटवारियों के लगातार संपर्क में है और उनसे किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की जा रही है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि पटवारियों की मांगों पर विचार किया जाएगा। सरकार चाहती है कि किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और धान खरीदी का काम सुचारू रूप से चलता रहे।
धान खरीदी के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र बनाए गए
धान खरीदी को लेकर मंत्री नेताम ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की सुविधाओं का पूरा ध्यान रख रही है। इसी उद्देश्य से धान खरीदी के लिए 360 नए उपार्जन केंद्र बढ़ाए गए हैं, ताकि किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को सरकार के हर अच्छे काम में भी खामी नजर आती है, जबकि सरकार लगातार किसानों के हित में फैसले ले रही है।
दिल्ली नहीं जाने वाले कांग्रेस कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए जाने के मामले पर भी रामविचार नेताम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताया और कहा कि पार्टी में अब अनुशासन नहीं रह गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में इसी तरह कार्रवाई होती रही तो एक दिन पार्टी खाली हो जाएगी।
यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ में वोट चोरी को लेकर BJP पर कांग्रेस का हमला, सुशील आनंद शुक्ला ने लगाए गंभीर आरोप


Download Android App
Download iOS App




