नई दिल्ली : केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन और लोकसभा सांसद प्रवेश साहिब सिंह ने तिलक नगर में दक्षिणी दिल्ली नगर निगम द्वारा नवनिर्मित अस्पताल का उद्घाटन किया। इस अस्पताल में 100 बेड की सुविधा उपलब्ध है।
इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए डाॅ. हर्षवर्धन ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हम भारत में अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं। आयुष्मान भारत का लागू होना यह दर्शाता है कि प्रधानमंत्री देश के नागरिकों को उच्चत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सक्रिय हैं। कहा इस अस्पताल के निर्माण से तिलक नगर और उसके आसपास के क्षेत्र की लगभग 5 लाख आबादी को फायदा पहुंचेगा।
वहीं सांसद प्रवेश साहिब सिंह वर्मा ने दक्षिणी निगम को पश्चिमी दिल्ली में 100 बेड वाला बड़ा अस्पताल निर्मित करने के लिए धन्यवाद प्रकट किया। कहा कि पश्चिमी दिल्ली में अभी तक केवल दो ही बड़े सरकारी अस्पताल हैं। इस अस्पताल के बन जाने से नागरिकों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा उपराज्यपाल ने कहा कि आर्थिक तंगी और बजट के अभाव में भी दक्षिणी दिल्ली नगर निगम नागरिकों को बेहतर जनसुविधाएं प्रदान करने का भरपूर प्रयास कर रहा है।
ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर और आईसीयू की मिलेगी सुविधा
निगमायुक्त ज्ञानेश भारती ने तिलक नगर अस्पताल के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह पांच मंजिला भवन 19157.53 वर्गमीटर के क्षेत्रफल में बना हुआ है और इसे बनाने में अभी तक लगभग 64.5 करोड़ रुपए की लागत आ चुकी है।
इस अस्पताल में ओपीडी सेवाए, मातृ एवं शिशु केंद्र, जांच केंद्र, आईसीयू, ऑपरेशन थियेटर, आपातकालीन सेवाए, दंत-चिकित्सा, दवाई घर, आयुर्वेदिक, युनानी एवं होम्योपैथिक चिकित्सा आदि की सुविधाए उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त बेसमैंट में 262 गाड़ियों की पार्किंग भी बनाई गई है। डाॅक्टरों और नर्सों के लिए अलग से हाॅस्टल भी बनाया गया है।


Download Android App
Download iOS App



