आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता गोपाल राय के नेतृत्व में पार्टी के सदस्यों ने मोदी सरकार के खिलाफ शनिवार को ‘धोखा दिवस’ मनाते हुए राष्ट्रीय राजधानी में अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने में देरी का आरोप लगाया।
आप के कार्यकर्ताओं ने भाजपा मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। आप के कार्यकर्ता हाथों में काली तख्तियां लिए हुए थे, जिसपर लिखा था कि भाजपा ने अनधिकृत कॉलोनियों के निवासियों से छल किया है।
राय ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि भाजपा मुद्दे पर ध्यान देगी। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि वे हमें बताएंगे कि अनधिकृत कॉलोनियों को, जिसे एक महीने में नियमित किया जाना था उसमें छह महीने क्यों लग गए।’’
केंद्र ने जुलाई में कहा था कि वह दिल्ली में अनधिकृत कॉलोनियों को नियमित करने पर एक आदेश एक महीने के भीतर जारी कर सकता है, लेकिन हाल में दिल्ली भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि उन्हें नियमित करने में और छह महीने का समय लगेगा।
प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए आप प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि सीवर लाइन डालने और सड़क निर्माण आदि का काम दिल्ली सरकार ने करा दिया है, अब उन्हें नियमित करने की जिम्मेदारी केंद्र की है ।
उन्होंने कहा, ‘‘हम केंद्र से कहना चाहेंगे कि जिस दिन आप इन कॉलोनियों को नियमित कर देंगे, अगले दिन से हम उसकी रजिस्ट्री की प्रक्रिया शुरू कर देंगे। अब मनोज तिवारी कह रहे हैं कि और छह महीने लगेंगे। छह महीने इसलिए लगेंगे क्योंकि मनोज तिवारी जानते हैं कि चुनाव चार महीने में होने हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



