AAP To launch Nationwide Campaign Against E-20 : आम आदमी पार्टी ई-20 के खिलाफ लोगों को एकजुट करने के लिए देश भर में मुहिम चलाने जा रही है। लोगों को ई-20 पेट्रोल से खराब हो रही गाड़ियों के पीछे का सच बताने के लिए 8 अगस्त (शनिवार) से टाउनहॉल की शुरुआत करेगी। ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने विभिन्न राज्यों में होने वाले टाउनहॉल को आयोजित करने की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता व सांसद संजय सिंह और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को सौंपी है। शुक्रवार को सांसद संजय सिंह ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 8 अगस्त को पहला टाउनहॉल पश्चिम बंगाल में होगा। इसके बाद हरियाणा, तेलंगाना, महाराष्ट्र और यूपी समेत सभी राज्यों में किया जाएगा।
वहीं, शुक्रवार को ‘आप’ मुख्यालय पर दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर संजय सिंह ने कहा कि पेट्रोल में इथेनॉल के इस्तेमाल से पूरे देश में गाड़ियां खराब हो रही हैं, उनके इंजन सीज हो रहे हैं और माइलेज कम हो रही है। इस भारी समस्या को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में एक लंबा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में एक टाउन हॉल मीटिंग की थी, जिसमें ऐतिहासिक रूप से 7 लाख से ज्यादा लोग ऑनलाइन जुड़े और बड़ी संख्या में लोग वहां उपस्थित रहे।
संजय सिंह ने कहा कि अब इस अभियान को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाना है। आम आदमी पार्टी ने मुझे और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज को यह जिम्मेदारी दी है कि हम अलग-अलग राज्यों में जाकर टाउन हॉल मीटिंग करें। हम ई-20 से जुड़ी समस्याओं के बारे में जनता से सीधा संवाद करेंगे और उन्हें इस आंदोलन के साथ जोड़ेंगे। भारत में कार और बाइक मिलाकर करीब 30 करोड़ गाड़ियां हैं, जिनके इंजन ई-20 ईंधन के लायक बने ही नहीं हैं। इसके बावजूद पेट्रोल में मिलाकर ई-20 को जबरन थोपना एक बहुत बड़ा खेल है।
संजय सिंह ने टाउन हॉल मीटिंग के कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि 8 अगस्त को दोपहर 1 बजे पश्चिम बंगाल में, 9 अगस्त को सुबह 10 बजे गुजरात में और दोपहर 12 बजे हरियाणा के बल्लभगढ़ स्थित जाट भवन में टाउन हॉल मीटिंग होगी। इस दौरान एथेनॉल से होने वाले नुकसान के बारे में जनता को पूरी जानकारी दी जाएगी। यह अभियान लगभग सभी राज्यों में जाएगा।



Download Android App
Download iOS App




